पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • घर बैठे पता चल जाएगा ट्रेन का प्लेटफॉर्म, कोच की लोकेशन

घर बैठे पता चल जाएगा ट्रेन का प्लेटफॉर्म, कोच की लोकेशन

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर. सिटी स्टेशन से चलने वाली ट्रेनों के बारे में जानकारी लेने के लिए यात्रियों को अब न फोन करने की जरूरत रहेगी, न प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद किसी रेलकर्मी से पूछना पड़ेगा। यात्री घर से रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन की लोकेशन, उसका प्लेटफॉर्म और अपने कोच की पोजिशन का पता लगा सकेंगे। जोधपुर मंडल इसके लिए ट्रेन इन्क्वायरी वेबसाइट पर नए फीचर्स जोड़ेगा। प्लेटफॉर्म पर भी ट्रेनों की लाइव सूचना एलईडी बोर्ड से डिस्प्ले होगी। मंडल रेल प्रबंधक राजीव शर्मा ने बताया कि यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की कड़ी में जोधपुर मंडल अब आईटी के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रहा है। बुजुर्ग, विशेष योग्यजन व मरीज यात्रियों को फोन कॉल पर व्हील चेयर उपलब्ध करवाई जा रही है। इसकी बुकिंग इंटरनेट से करने के प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों को ट्रेन के बारे में सटीक जानकारी मिल सके, इसके लिए भी प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। समदड़ी-भीलड़ी खंड में सभी स्टेशन ओएफसी से जुडऩे के बाद इन स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के पहुंचने और रवाना होने की जानकारी अब जोधपुर में कंट्रोलर की स्क्रीन पर आ जाती है। पहले इसके लिए कंट्रोलर एक-एक स्टेशन पर फोन कर जानकारी लेता था। इस जानकारी के आधार पर कंट्रोलर ट्रेन के संचालन की सूचना अपडेट करेगा जो यात्री को वेबसाइट पर नजर आएगी। ट्रेन इन्क्वायरी वेबसाइट पर यात्री जोधपुर स्टेशन से चलने व आने वाली ट्रेनों की जानकारी लेंगे तो उन्हें ट्रेन के पहुंचने व रवाना होने के समय के साथ ट्रेन के प्लेटफॉर्म की जानकारी भी मिलेगी। यात्री स्टेशन पर पहुंचेंगे तो यह जानकारी डिस्प्ले बोर्ड पर भी नजर आएगी। साथ ही ट्रेन के प्रत्येक कोच की लोकेशन एलईडी बोर्ड पर रहेगी। इससे यात्रियों को स्टेशन पर किसी से पूछना नहीं पड़ेगा कि उनकी ट्रेन कौनसे प्लेटफॉर्म से जाएगी और उसका कोच कहां होगा।



जोधपुर मंडल ने ट्रेन इन्क्वायरी वेबसाइट में नए फीचर्स जोड़े है।

गत रेल बजट में घोषित जोधपुर-जयपुर इंटरसिटी व जैसलमेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक ट्रेन शनिवार को शुरू हो गई। जयपुर इंटरसिटी को सांसद चंद्रेश कुमारी ने जोधपुर में और सांसद हरीश चौधरी ने जैसलमेर से झंडी दिखाकर रवाना किया। रेल बजट में घोषणा के बाद रेलवे ने इन दोनों ट्रेनों को हॉली डे स्पेशल के रूप में चलाया था। अब इन्हें नए नंबर के साथ नियमित कर दिया गया है। वर्तमान में 04821/22 नंबर से चल रही जोधपुर-जयपुर इंटरसिटी ट्रेन शनिवार से नए नंबर 22477/78 के साथ शुरू की गई है। यह ट्रेन जोधपुर व जयपुर से वर्तमान समय के अनुसार ही चलेगी। बांद्रा टर्मिनस-जैसलमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 19063 बांद्रा से प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 2:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:25 बजे जोधपुर आएगी। यहां से सुबह 7:35 बजे रवाना होकर दोपहर 1:15 बजे जैसलमेर पहुंचेगी।