- Hindi News
- अब निदेशालय बताएगा कैसे तय करे शहरी व ग्रामीण स्कूल
अब निदेशालय बताएगा कैसे तय करे शहरी व ग्रामीण स्कूल
डीबी स्टार :जोधपुर
शहर से सटी कुड़ी भगतासनी व सांगरिया सहित दो दर्जन से अधिक स्कूलों के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में आने का प्रमाण-पत्र पार्षदों व सरपंचों से लाने का मामला अब बीकानेर स्थित शिक्षा निदेशालय से तय होगा। डीबी स्टार में शिक्षा विभाग की इस कवायद के खुलासे के बाद से शिक्षक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षकों की आपत्ति के बाद विभाग ने इस मामले को निदेशालय भेज दिया है।
दरअसल जिला शिक्षा अधिकारी ने गत एक जनवरी को कुछ स्कूलों के बारे में आदेश जारी कर कहा था कि इन स्कूलों के शिक्षकों को पार्षद व सरपंच से इस बात का प्रमाण-पत्र लाकर देना होगा कि उनकी स्कूल शहरी क्षेत्र में है या ग्रामीण में। शिक्षकों ने इस आदेश को बेतुका बताते हुए विरोध दर्ज करवाया। शिक्षकों का कहना था कि जो क्षेत्र नगर निगम सीमा से सटे हैं, उन्हें ग्रामीण कैसे माना जा सकता है? इस बारे में 1980 में पंचायती राज विभाग की ओर से पत्र भी जारी हो रखा है। जिला कलेक्टर ने भी इस मामले में शिक्षा विभाग से स्पष्टीकरण मांगा है। मामला बढ़ते देख अब जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक ने बीकानेर शिक्षा निदेशालय से आवश्यक निर्देश देने के लिए लिखा है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक इंदू बाला पंवार ने बताया कि निदेशालय से मार्गदर्शन मिलने के बाद ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।