पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मेडिकल कॉलेज में 65, जिला अस्पतालों में 60 की उम्र वाले सीनियर सिटीजन

मेडिकल कॉलेज में 65, जिला अस्पतालों में 60 की उम्र वाले सीनियर सिटीजन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर - राज्य के जिला अस्पतालों में अब 60 वर्ष की उम्र में ही वरिष्ठ नागरिक मानते हुए सभी सुविधाएं निशुल्क मिलेंगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने एक आदेश जारी कर राज्य के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों की आयु 65 की जगह 60 कर दी है। यह आदेश प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी लागू होंगे। उधर, मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिक वर्ग की सुविधा प्राप्त करने के लिए न्यूनतम 65 वर्ष की आयु होना जरूरी है। पिछली सरकार ने सितंबर 2012 में एक आदेश जारी कर मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में सीनियर सिटीजन रोगियों को बीपीएल मरीजों की तर्ज पर सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध करवाने के लिए 65 वर्ष की आयु निर्धारित की थी। 65 वर्ष एवं इससे अधिक आयु के रोगियों को ही निशुल्क सुविधाएं मिलती हैं।
जोधपुर के 60 की उम्र के वरिष्ठजनों को नहीं मिलेगा फायदा: जोधपुर में दो जिला अस्पताल हैं। दोनों ही जिला मुख्यालय पर हैं। वर्तमान में यहां मौजूद अधिकांश जांच सुविधाएं निशुल्क योजना के तहत सभी को उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सीटी स्कैन, कलर डॉप्लर, ईईजी, एमआरआई जैसी सुविधाएं इन दोनों अस्पतालों में नहीं हैं। मरीजों को डॉ.एसएन मेडिकल कॉलेज कॉलेज जाना पड़ता है, लेकिन यहां 65 वर्ष की आयु के वरिष्ठजनों को ही निशुल्क सुविधा मिलती है।
35 फीसदी सीनियर सिटीजन 60 से 65 की उम्र के: डॉ.एसएन मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों में आने वाले मरीजों में 35 फीसदी तक मरीज 60 से 65 वर्ष की उम्र के होते हैं। इनमें ज्यादातर हार्ट डिजीज, प्रोस्टेट कैंसर, बीपी, डायबिटीज, आर्थराइटिस जैसी बीमारियों से ग्रसित होते हैं। निशुल्क दवा योजना में भी इन बीमारियों से संबंधित पूरी दवाइयां शामिल नहीं हैं। इसके चलते पेंशनर्स के अलावा 60 से 65 की उम्र के मरीजों को बाहर से ही दवाइयां खरीदनी पड़ती हैं। एमजीएच अधीक्षक डॉ.पीसी व्यास का कहना है कि मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में 65 व इससे अधिक उम्र के रोगियों को सीनियर सिटीजन श्रेणी की सभी निशुल्क सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं।




स्वास्थ्य विभाग ने निशुल्क श्रेणी में सीनियर सिटीजन की उम्र 65 से 60 की, लेकिन मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में 60 से ऊपर व 65 से नीचे की उम्र के वृद्धजनों को नहीं मिलेगी यह सुविधा