बासनी क्षेत्र में रामेश्वर नगर की घटना
जोधपुर - बासनी क्षेत्र में रामेश्वर नगर ई सेक्टर में एक प्लॉट के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने सोमवार दोपहर करीब तीन बजे जेसीबी से वहां बना शिव मंदिर तोड़ दिया। बाद में मोहल्लेवासियों और शिवसेना के विरोध के चलते पुलिस सुरक्षा में रात करीब आठ बजे मंदिर का पुनर्निर्माण कार्य शुरू करवाया गया। बासनी थाना पुलिस ने बताया कि रामेश्वर नगर ई सेक्टर में स्थित शिव मंदिर को सोमवार दोपहर श्रीराम घांची, धन्नाराम घांची व ठेकेदार चेना प्रजापत, धीरेंद्र दाधीच आदि द्वारा जेसीबी से तोडऩे की सूचना मिली थी। मोहल्लेवासियों ने विरोध किया तो वे भाग गए। मंदिर तोडऩे की खबर मिलते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद शिवसेना के जिला प्रमुख संपत पूनिया, कुड़ी हाउसिंग बोर्ड के बेनीगोपाल व मोहल्लेवासियों ने मंदिर में तोड़-फोड़ का मामला दर्ज करवाया।
क्षेत्रवासियों के विरोध के बाद पुलिस ने मंदिर स्थल पर सुरक्षा के लिए सिपाही तैनात कर दिए। शिव सेना व मोहल्लेवासियों ने मंदिर में पूजा कर रात को मंदिर का पुनर्निर्माण कार्य शुरू कर दिया। मंदिर में देर रात तक निर्माण कार्य चल रहा था। थानाधिकारी खलील अहमद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।