पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दादा ने की पोते की हत्या

दादा ने की पोते की हत्या

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर - मसूरिया के बाबू राजेंद्र मार्ग इलाके में रहने वाले एक वृद्ध ने अपने ही मासूम पोते की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल मासूम को एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसे एमडीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसकी मौत की वजह सीढिय़ों से गिरना ही बताते रहे, लेकिन बाद में आस-पड़ोस के लोगों के माध्यम से मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची।
प्रतापनगर थानाधिकारी विद्याधर डूडी ने बताया कि मसूरिया में बाबू राजेंद्र मार्ग पर स्थित कुम्हारों का बास में रहने वाले हरिशंकर ((10)) पुत्र आनंदस्वरूप प्रजापत की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि हरिशंकर सोमवार शाम करीब सवा छह बजे अपने घर की पहली मंजिल पर टीवी देख रहा था। इसी दौरान उसके दादा मगराज प्रजापत ने पीछे से उसका मुंह दबाकर पेट में चाकू घोंप दिया। इसके बाद वो चाकू लेकर घर से भाग गया। उसके पीछे-पीछे ही लहूलुहान हरिशंकर ‘मार दिया...मार दिया...’ चिल्लाते हुए नीचे उतरा और घर के चौक में गिर पड़ा। उसे देखकर उसकी बड़ी बहन चिल्लाई तो आसपास के लोग वहां एकत्र हो गए। गंभीर हालत में उसे राठी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने टांके लगाकर पट्टी कर दी और बाद में उसे एमडीएम अस्पताल रेफर कर दिया। एमडीएमएच में कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई, तो शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
परिजन व निजी अस्पताल ने नहीं दी पुलिस को सूचना
पुलिस के अनुसार गंभीर हालत में बच्चे को निजी अस्पताल में ले जाया गया था। वहां से उसे एमडीएमएच रेफर कर दिया गया, लेकिन निजी अस्पताल की ओर से उपचार के बाद भी पुलिस को सूचना तक नहीं दी गई। इतना ही नहीं, एमडीएमएच में भी परिजन बच्चे के सीढिय़ों से गिरकर घायल होने की बात कहते रहे और बिना पोस्टमार्टम के शव सुपुर्द करने का आग्रह किया। रात करीब साढ़े आठ बजे पुलिस को इसकी सूचना मिली तो पुलिस हरकत में आई। घटना स्थल के निरीक्षण और परिजनों से प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या की पुष्टि की।