पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आईआईटी जोधपुर मिली तो हुई थी निराशा फिर आत्मविश्वास से यहीं पाईं ऊंचाइयां: मनु

आईआईटी जोधपुर मिली तो हुई थी निराशा फिर आत्मविश्वास से यहीं पाईं ऊंचाइयां: मनु

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जोधपुर
आईआईटी जोधपुर में पढ़ रहे मनु अग्रवाल जोधपुर में अब तक सर्वाधिक पैकेज पाने वाले स्टूडेंट बन गए हैं, लेकिन उन्हें जब अन्य आईआईटी की बजाय यहीं प्रवेश मिल पाया तो उन्हें बहुत निराशा हुई थी। एकबारगी तो यही सोच लिया था कि जोधपुर में प्रवेश लेने की बजाय दुबारा प्रवेश परीक्षा दे और रैंक सुधार कर अन्य जगह एडमिशन ले। बाद में अपने गुरु की बात मान कर यहां आए और आत्मविश्वास से यहीं पर ऊंचाइयां हासिल कर लीं। मनु का अमेरिका की कंपनी एपिक सिस्टम ने सालाना 57 लाख रुपए पैकेज पर चयन किया है। इसके लिए मनु ने गत दिसंबर में ऑनलाइन व टेलिफोनिक इंटरव्यू दिया था। मूलतया कानपुर के रहने वाले मनु सोमवार देर रात जोधपुर लौटे। उन्होंने मंगलवार को भास्कर से बातचीत में बताया कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का सपना बचपन से पाल रखा था। आईआईटी में प्रवेश के लिए परीक्षा दी। सपना तो मुंबई आईआईटी में प्रवेश लेने का था, लेकिन रिजल्ट ने निराश कर दिया। इस पर गुरु आशीष विश्नोई ने समझाया कि सच्ची मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। उनकी बात मानते हुए बचपन का सपना पूरा करने के लिए वर्ष 2010 में आईआईटी जोधपुर में दाखिला ले लिया। यहां आने के बाद महसूस किया कि जोधपुर आईआईटी के बारे में उसकी सोच गलत थी। यहां की फैकल्टी से पूरा सहयोग मिला। मनु जोधपुर को देश का सबसे शांत शहर मानते हैं।




जॉइन करूंगा कि नहीं, अभी तय नहीं किया

किसी भी व्यक्ति को सफलता संस्थान की मैरिट से नहीं, बल्कि खुद के आत्मविश्वास से मिलती है। मनु का कहना है कि अभी तय नहीं है कि वह यह कंपनी जॉइन करेंगे या नहीं, क्योंकि एक भारतीय कंपनी उन्हें 35 लाख रुपए का पैकेज दे रही है। ऐसे में वह अपने देश व परिजनों के बीच रह कर कार्य कर सकेगा।