- Hindi News
- अवैध हथियार मामले में बयान देने आज जोधपुर आएंगे सलमान
अवैध हथियार मामले में बयान देने आज जोधपुर आएंगे सलमान
अशोक जोशी - जोधपुर
बहुचर्चित शिकार मामले में प्रयुक्त किए गए अवैध हथियारों के मामले में अपने मुल्जिम बयान देने के लिए अभिनेता सलमान खान बुधवार को जोधपुर की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जिला की अदालत में पेश होंगे।
सीजेएम जिला चंद्रकला जैन ने पिछली सुनवाई के दौरान सलमान को मुल्जिम बयान देने के लिए कोर्ट में हाजिर रखने का आदेश उनके वकील हस्तीमल सारस्वत को दिया था। उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान वर्ष 1998 में सलमान के खिलाफ हिरण शिकार के तीन मामले दर्ज हुए थे। इनमें से दो मामलों में सलमान को सजा हो चुकी है व तीसरा अभी विचाराधीन है। शिकार के मामलों में सलमान पर अवधिपार हथियार इस्तेमाल करने का आरोप लगा था। इस संबंध में लूणी थाने में वन अधिकारी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसका अनुसंधान करने के बाद तत्कालीन एएसपी अशोक पाटनी ने पाया कि सलमान की .32 रिवाल्वर व .22 राइफल हथियारों को रखने के लाइसेंस की अवधि खत्म हो चुकी थी। शेष - पेज १३
मामले में आरोप पत्र दाखिल होने के बाद अभियोजन ने कुल 16 गवाहों के बयान करवाए हैं। मुल्जिम बयान के दौरान कोर्ट सलमान को बताएगी कि किन गवाहों ने उसके खिलाफ क्या गवाही दी है और इस संबंध में उसे क्या कहना है। इस दौरान कोर्ट आरोपी से यह भी पूछेगी कि क्या वह अपनी सफाई में साक्ष्य पेश करना चाहता है। सलमान यदि अपने बचाव में कोई गवाह नहीं पेश करना चाहेगा तो आने वाले दिनों में कोर्ट अपना फैसला सुनाएगी।