- Hindi News
- मनरेगा का जेटीओ 5 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार
मनरेगा का जेटीओ 5 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - जोधपुर
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शिव तहसील में मनरेगा के कनिष्ठ तकनीकी सहायक ((जेटीओ)) को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह रिश्वत उसने परिवादी और उसके बहनोई से मांगी थी। ब्यूरो के आईजी संजीब कुमार नार्जारी ने बताया कि शिव तहसील निवासी अली खां ने 23 जनवरी को शिकायत की थी कि वह बीपीएल चयनित व्यक्ति है और मनरेगा में उसकी खातेदारी जमीन पर बाड़ निर्माण के लिए 70 हजार रुपए स्वीकृत हुए थे।
यह राशि उसके व उसके बहनोई के मस्टररोल के अनुसार स्वीकृत थी। जब वह राशि लेने जेटीओ गोविंद प्रसाद के पास गया तो उसने पांच हजार रुपए की रिश्वत मांगी और पांच सौ रुपए उसी वक्त ले लिए। ब्यूरो टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया तो पांच सौ रुपए और ले लिए और दो हजार रुपए उसके बहनोई से व बकाया तीन हजार रुपए अली खां से मांगने की पुष्टि हो गई।
इस पर बुधवार को ट्रेप की योजना बनाई गई। परिवादी व उसका बहनोई रुपए लेकर मनरेगा के ऑफिस गए, वहां जेटीओ ने उनसे रिश्वत राशि ली तब ब्यूरो टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।