पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजोधपुर। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के छात्र अब प्रदेश की अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेज में होने वाले महत्वपूर्ण लेक्चर का हिस्सा बन सकेंगे। इसी तरह एक प्रोफेसर प्रदेश के छहों मेडिकल कॉलेज के छात्रों को पढ़ा सकेगा। इसके लिए कॉलेज में वर्चुअल ई-क्लासरूम बनकर तैयार हो गया है।
इस क्लास रूम में हाई डेफिनेशन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर, जेएलएन मेडिकल कॉलेज अजमेर, आरएनटी मेडिकल कॉलेज उदयपुर, मेडिकल कॉलेज कोटा व सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर एवं राजस्थान हेल्थ यूनिवर्सिटी से जुड़ेगा। पीडब्ल्यूडी के मार्फत कॉलेज में 250 छात्रों के बैठने की क्षमता के हॉल को तैयार करवाया है। कॉलेज के कंप्यूटर सेल के प्रभारी डॉ. अफजल हाकिम के अनुसार आने वाले दिनों में क्लासरूम के विधिवत उद्घाटन के बाद इसका उपयोग शुरू होगा।
ऐसा है क्लासरूम
वर्चुअल क्लासरूम में ४० इंच के 4 एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं। दो प्रोजेक्टर लगाए गए हैं। वायरलेस माइक्रोफोन व स्पीकर लगाए जाएंगे। हेल्थ यूनिवर्सिटी में सेंट्रल सर्वर लगेगा। इसमें सभी लेक्चर रिकॉर्ड किए जा सकेंगे। डाउनलोड भी किए जा सकेंगे। क्लासरूम विकसित करने के लिए तकनीकी सहयोग राजकॉम्प देगा।
यूं लगेगी क्लास
वर्चुअल क्लासरूम में प्रोफेसर के व्याख्यान के लिए के बैठने की व्यवस्था होगी। सीधा प्रसारण की व्यवस्था होगी। तय समय पर सभी छात्र क्लासरूम में बैठेंगे। वे सवाल भी पूछ सकेंगे। जिस कॉलेज में लेक्चर होगा वहां कैमरे व इलेक्ट्रॉनिक राइटिंग पैड का इस्तेमाल होगा। लेपटॉप और अन्य उपकरण ऑनलाइन जोडऩे की सुविधा होगी।
फायदा क्या?
प्रदेश में छह सरकारी मेडिकल कॉलेज हैं। इन कॉलेजों में कई तरह की शैक्षणिक गतिविधियों के तहत विशेषज्ञों के लेक्चर होते रहते हैं। इन लेक्चर्स के अलावा कॉलेजों में सामान पाठ्यक्रम पर आधारित विशेषज्ञ उद्बोधन में प्रदेश के सभी मेडिकोज भाग ले सकेंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.