पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • संगोष्ठी में महिलाओं को दी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा

संगोष्ठी में महिलाओं को दी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जोधपुर
पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव में बुधवार को आयोजित संगोष्ठी में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी गई। संगोष्ठी की अतिथियों ने महिलाओं को शिक्षित बनने और घरेलू उद्योग से आगे बढ़कर उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया।
रावण का चबूतरा मैदान में चल रहे पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव में बुधवार को ‘पत्रकारिता व उद्योग में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी’ विषयक संगोष्ठी की मुख्य अतिथि लेखिका व विचारक निर्मला सीतारमण ने कहा कि बेहतर तरीके से कार्य करने से पहचान अवश्य बनती है। अत: महिलाएं न्यूज पढऩे और बनाने के साथ न्यूज बन भी सकती हैं। कई ऐसी महिलाएं हैं, जिन्होंने अपने क्षेत्र में सर्वोच्च मुकाम हासिल किया है। राजस्थान की मुख्यमंत्री इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में भी विपुल संभावनाएं बताते हुए ग्रामीण रेडियो स्टेशन का उदाहरण दिया। साथ ही बताया कि महिलाएं खबर पढऩे व बनाने से लेकर फील्ड में जाकर खबर ला भी सकती हैं।
विशिष्ट अतिथि मीनू दुग्गड़ ने कहा कि महिलाओं को घरेलू उद्योग से आगे बढऩा चाहिए। वे सफल उद्यमी साबित हो सकती हैं, क्योंकि महिलाएं हर स्थिति से बेहतर तरीके से निपट सकती हैं। उद्योगपति प्रीति सिंघवी ने कहा कि हौंसले बुलंद हो तो मंजिल अवश्य मिलती है। अपनी खूबी को पहचान कर उस दिशा में आगे बढऩे की जरूरत है। जिला शिक्षा अधिकारी गजरा चौधरी ने कहा कि लगन व निष्ठा हो तो कोई भी मुकाम असंभव नहीं है। महिलाओं को यदि आर्थिक सशक्तीकरण चाहिए तो उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होना पड़ेगा। उत्सव संयोजक मेघराज लोहिया व जेआईए अध्यक्ष आशाराम धूत ने भी संगोष्ठी को संबोधित किया। संगोष्ठी का संचालन नरेंद्र धारीवाल ने किया।