पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नगर निगम में फर्जी रसीद से भूखंड नियमन की कोशिश के मामले में दो पूर्व पार्षदों को नोटिस

नगर निगम में फर्जी रसीद से भूखंड नियमन की कोशिश के मामले में दो पूर्व पार्षदों को नोटिस

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जोधपुर
नगर निगम में फर्जी रसीदों के आधार पर भूखंड का नियमन करवाने की कोशिश के मामले में आरोपी कुलदीप का गुरुवार को भी पता नहीं चल पाया। निगम ने उसका पता लगाने के लिए उन दो पूर्व पार्षदों को नोटिस जारी किया है जिनसे आरोपी ने कथित तौर पर कनिष्ठ लिपिक की बात करवाई थी। निगम ने पार्षदों से कहा है कि यदि आरोपी के बारे में उन्हें जानकारी है तो 24 घंटे में बताएं ताकि पूरे मामले की जांच की जा सके। साथ ही पता लगाया जा सके कि इस मामले में किसी गिरोह का हाथ तो नहीं है। सूरसागर आयुक्त रामकिशोर माहेश्वरी ने बताया कि जब तक आरोपी के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल जाती, तब तक उसके खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज नहीं हो सकता। ऐसे में पूर्व पार्षद गणपतसिंह चौहान व सहवृत्त पार्षद रह चुके शंभुसिंह पंवार को नोटिस भेजकर आरोपी के बारे में 24 घंटे के भीतर जानकारी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया है।
मंगलवार को कुलदीप नामक व्यक्ति ने सूरसागर में भूखंड का हवाला देकर दो रसीदें पेश की थी। जांच में दोनों ही रसीदें फर्जी पाई गई थी, लेकिन इन रसीदों को पेश करने वाला शख्स कुलदीप मौके से गायब हो गया था।
चौहान ने तुरंत काम की सिफारिश की थी
गौरतलब है कि मंगलवार को कुलदीप नामक व्यक्ति ने सूरसागर क्षेत्र में भूखंड का नियमन करवाने के लिए कनिष्ठ लिपिक दीपक पंडित के सामने रसीदें पेश की थी। ये रसीदें फर्जी पाई गई थीं। इससे पहले उसने पंडित की मोबाइल फोन पर कथित तौर पर पूर्व पार्षद गणपतसिंह चौहान से बात करवाई थी तो उन्होंने यह काम तुरंत करवाने की सिफारिश की थी। आरोपी ने सहवृत्त सदस्य रह चुके शंभुसिंह पंवार को अपना मामा बताया था। बाद में रसीदों के फर्जी होने की पुष्टि हुई तो वह वहां से गायब हो गया।