- Hindi News
- हस्तशिल्प उत्सव में सजी फूलों की प्रदर्शनी
हस्तशिल्प उत्सव में सजी फूलों की प्रदर्शनी
भास्कर न्यूज - जोधपुर
पश्चिमी राजस्थान हस्तशिल्प उत्सव में गुरुवार को गुलाब व गुलदाउदी फूलों की प्रदर्शनी सजाई गई, जिसने आमजन का मनमोह लिया। इसके अलावा उत्सव में अनेक प्रतियोगिताएं भी हुईं।
संगोष्ठी कक्ष में सुबह उद्यान विभाग की ओर से गुलाब व गुलदाउदी फूलों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। लाल, पीले, गुलाबी, सफेद इत्यादि रंगों के भिन्न-भिन्न किस्मों के आकर्षक गुलाब ने दर्शकों का मन मोह लिया। रोज शो में पीआर मेघवाल, पीके रॉय व प्रसन्नपुरी गोस्वामी निर्णयकर्ता के रुप में उपस्थित थे। किंग ऑफ रोज का खिताब मुनीर खां तथा क्वीन ऑफ रोज का खिताब रातानाडा स्थित चिल्ड्रन पब्लिक एकेडमी को प्रदान किया गया। साथ ही उत्सव में छप्पन भोग की झांकी भी सजाई गई ।
हस्तशिल्प उत्सव रविवार तक
गुरुवार को उत्सव परिसर में दिनभर लोगों की भीड़ रही। महिलाओं, बच्चों व युवक-युवतियों ने खरीददारी के साथ खाने-पीने की वस्तुओं व झूलों का खूब लुत्फ उठाया। आमजन की रुचि को देखते हुए उत्सव आयोजन समिति ने उत्सव को रविवार तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।
हस्तशिल्प उत्सव में गुलाब व गुलदाउदी फूलों की प्रदर्शनी सजाई गई।
उत्साह से दिए क्विज में जवाब
जेसीआई जोधपुर सनसिटी के सहयोग से आयोजित सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता में 200 से अधिक स्टूडेंट्स ने भाग लिया। प्रतियोगिता लिखित व ऑडियो-विजुअल दो राउंड में हुई। खेमचंद व सांवरलाल को विजेता घोषित किया गया तथा मीना योगी व सुरेश रनर अप रहे। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश शर्मा ने किया। विजेताओं को उत्सव सहसंयोजक महेंद्र पित्ती ने पुरस्कार प्रदान किए। शेखर बागवान ने माइंड मैपिंग के बारे में जानकारी दी।