पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 22 दिन, चौथी बार एटीएम तोडऩे की कोशिश, न बैंकों को परवाह न पुलिस को

22 दिन, चौथी बार एटीएम तोडऩे की कोशिश, न बैंकों को परवाह न पुलिस को

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोटा। पहले 31 दिसंबर, फिर 3 जनवरी, उसके बाद 15 जनवरी अब 21 जनवरी की रात। 22 दिन में एक ही शहर में एटीएम तोडऩे के प्रयास की चार घटनाएं। लेकिन न तो बैंकों को कोई परवाह है और न पुलिस सख्ती कर रही है। बैंकों के खिलाफ तुरंत एक्शन लेने की बजाय एसपी कह रहे हैं कि तीन-चार दिन में बैठक करेंगे, उसके बाद सख्ती करेंगे।
मंगलवार रात गुमानपुरा थाने के सामने एरोड्रम सर्किल स्थित एसबीबीजे के दो एटीएम तोडऩे का प्रयास हुआ।

दोनों मशीनें खोल लीं, लेकिन बदमाश कैश बॉक्स नहीं तोड़ पाया। पुलिस ने एटीएम के फुटेज लिए, लेकिन वे काफी धुंधले हैं। बदमाश शॉल ओढ़कर अंदर घुसा था। गुमानपुरा थाने के एसएचओ राजेश सोनी ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। वहां लगे दोनों एटीएम की मशीनों के दोनों कवर खुले हुए थे, लेकिन कैश बॉक्स सुरक्षित थे। बैंक अधिकारियों की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

-तीन-चार दिन में बैंक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उसमें सुरक्षा संबंधी हिदायत दी जाएगी। नहीं तो बाद में सख्ती करेंगे। -सत्यवीर सिंह, एसपी सिटी

एटीएम में घुसने का समय आया, वापस जाने का नहीं

एसएचओ ने बताया कि एटीएम की एक मशीन के फुटेज मिले हैं, इनमें एक व्यक्ति शॉल ओढ़कर एटीएम में रात 1 बजकर 8 मिनट पर घुसा। उसने पहले एटीएम के कैमरे को ऊपर कर दिया। उसके बाद कैमरे में केवल ऊपर की लाइट दिख रही है। फुटेज में यह नहीं पता चल पा रहा है कि बदमाश एटीएम से बाहर कब निकला। दूसरे एटीएम के फुटेज फिलहाल नहीं मिल पाए हैं।

नए साल में चौथी वारदात

31 दिसंबर: जवाहर नगर में स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद के एटीएम को तोडऩे का प्रयास हुआ। फुटेज मिले, पुलिस आरोपी को पकड़ नहीं पाई।

3 जनवरी: तलवंडी में एटीएम तोड़ते दो छात्र पकड़े गए। दो बहादुर युवकों ने इन्हें पकड़वाया।

15 जनवरी: दादाबाड़ी सीएडी रोड स्थित एसबीबीजे बैंक के एटीएम को तोडऩे का प्रयास हुआ। यहां भी पुलिस के हाथ खाली।

22 जनवरी: एरोड्रम सर्किल पर एटीएम को तोडऩे का प्रयास।

नुकसान किसका?

सूने एटीएम चोरों का निशाना

बिना गार्ड वाले एटीएम को निशाना बना रहे बदमाश, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज इतनी खराब कि पहचानना मुश्किल।

बीमा के भरोसे बैंक हुए कंजूस

एटीएम का बीमा होने के कारण बैंक सुरक्षा व्यवस्था के प्रति लापरवाह हैं। वे सिक्यूरिटी पर होने वाले खर्च को बचा रहे हैं।

पुलिस को वारदात का इंतजार

न तो अभी तक एटीएम से रकम चोरी हुई है और न कोई ग्राहक निशाना बनाया गया, ऐसे में लगता है पुलिस भी बड़ी वारदात के बाद ही सख्ती करेगी।