मांगों को लेकर बैंककर्मियों का प्रदर्शन
कोटा - अपनी मांगों को लेकर गुरुवार शाम को बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों ने एरोड्रम सर्किल शाखा के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारी समुचित संख्या में लिपिक, अधीनस्थ, सफाई कर्मचारी, सुरक्षा प्रहरियों की भर्ती करना, बैंक में कार्य कर रहे केजुअल वर्कर्स को स्थायी नौकरी देने संबंधी समझौते को तुरंत लागू करने, कर्मचारियों को पेट्रोल खर्चे का भुगतान करने, सामान्य बैंक कार्य की आउटसोर्सिंग बंद करने, मृत कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देने की मांग को लेकर आंदोलन पर हैं।
प्रदर्शनकारी बैंक कर्मचारियों को राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन जिला एवं क्षेत्रीय सचिव तथा बैंक ऑफ इंडिया एम्पलाइज यूनियन राजस्थान के अध्यक्ष पदम पाटोदी, राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन के क्षेत्रीय सचिव संजीव झा, बैंक ऑफ इंडिया एम्पलाइज यूनियन राजस्थान के सहायक महासचिव हेमराज सिंह गौड़, बैंक कर्मी नेता पीसी गोयल, अनिल एैरन, डीके गुप्ता, अनिल बब्बर, आरबी मालव और अशोक अग्रवाल आदि ने संबोधित किया।
अध्यक्ष पाटोदी ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 29 जनवरी को कर्मचारी बैज धारण कर काम करेंगे। इसके बाद 10 फरवरी को दिल्ली में यूनियन प्रतिनिधि ज्ञापन देंगे। 24 फरवरी एवं 28, 29 मार्च को मांगे नहीं मानने पर अखिल भारतीय स्तर पर हड़ताल होगी।