खाली पड़े घर को चोरों ने बनाया निशाना
कोटा - विज्ञाननगर सेक्टर 4 में बुधवार रात चोर एक सूने मकान के ताले तोड़कर सामान ले गए। परिवार दो दिन पहले जयपुर शादी में गया था। परिवार के आने के बाद पता चलेगा कि आखिर क्या सामान चोरी गया है।
विज्ञाननगर निवासी संजीव झा ने बताया कि उनके बड़े भाई राजेश झा दो दिन पहले परिवार सहित जयपुर शादी में गए हैं। संजीव नीचे और उनके बड़े भाई फस्र्ट फ्लोर पर रहते हैं। रात को चोर पाइप के सहारे फस्र्ट फ्लोर पर गए। वहां उन्होंने कमरे का ताला तोड़कर सामान खंगाला। संजीव का कहना है रात डेढ़ बजे उन्हें कोई आवाज भी आई थी। वह ऊपर गए, लेकिन कोई नजर नहीं आया। सुबह ताले टूटे होने का पता चला। विज्ञाननगर पुलिस को सूचना कर दी थी। पुलिस मौके पर आई थी, लेकिन भाई के आने के बाद ही चोरी गए सामानों का पता चलेगा। उसके बाद ही रिपोर्ट दी जाएगी।