पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • यूआईटी बना बिग बॉस का घर १६ सीसीटीवी कैमरे रखेंगे नजर

यूआईटी बना बिग बॉस का घर १६ सीसीटीवी कैमरे रखेंगे नजर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोटा। यूआईटी ऑफिस एक बार फिर सीसीटीवी कैमरों की नजर में रहेगा। इस बार पिछली बार से ढाई गुना ज्यादा कैमरे लगाए गए हैं। जिससे ऑफिस के मुख्य गेट से लेकर गलियारों तथा पब्लिक डीलिंग वाले सेक्शन कवर किए गए हैं। इनकी मॉनिटरिंग सीधे यूआईटी चेयरमैन जिला कलेक्टर तथा सचिव के कमरे से हो रही है। कैमरे लगते ही यूआईटी कर्मचारियों व अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अक्सर लेट आने वाले अधिकारी-कर्मचारी शुक्रवार को समय पर ऑफिस में नजर आए।

पिछले कुछ समय से यूआईटी में दलालों के सक्रिय होने तथा फाइलों के ऑफिस से बाहर जाने की शिकायतें मिल रही थीं। जिला कलेक्टर जोगाराम ने पिछले दिनों यूआईटी में चेयरमैन का चार्ज लेते ही यूआईटी के चार गेटों में से दो बंद करवाए। अब पूरे भवन में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ऑफिस के मुख्य द्वार से लेकर ग्राउंड फ्लोर व पहली मंजिल के सभी गलियारे, ओएस ऑफिस, टाइम सेक्शन, सेल सेक्शन तथा आमजन के रोजमर्रा में काम आने वाले कमरों में कुल 16 कैमरे लगाए हैं। यदि कोई कर्मचारी या अधिकारी जनता को काम के लिए परेशान कर रहा है या अपनी सीट से गायब है तो शिकायत मिलने पर इनकी रिकार्डिंग भी चैक की जा सकेगी।

डक्टिंग की आड़ में उखाड़ दिए थे कैमरे: यूआईटी में ३ साल पहले भी 6 सीसीटीवी कैमरे लगे थे। भवन का रिनोवेशन व डक्टिंग का काम हुआ तो कैमरे और उनकी केबल उखाड़ दी गई। बिल्डिंग का काम तो पूरा हो गया, लेकिन दुबारा कैमरे नहीं लगाए गए। कैमरे हटते ही दलाल निरंकुश हो गए थे और खुलेआम यूआईटी परिसर में घूमते रहते थे।



मुख्य द्वार से गलियारों तक पर नजर, कलेक्टर, सचिव रखेंगे निगाह