- Hindi News
- 26 जनवरी को धमाके की धमकी, इंडियन मुजाहिदीन के नाम से मिली चिट्ठी
26 जनवरी को धमाके की धमकी, इंडियन मुजाहिदीन के नाम से मिली चिट्ठी
भास्कर न्यूज - कोटा
डीआरएम ऑफिस में गुरुवार को मिली एक चिट्ठी ने पूरे पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी है। इंडियन मुजाहिदीन के नाम से मिली चिट्ठी में आतंकवादियों को रिहा करने और 10 करोड़ रुपए की मांग की गई है। ऐसा नहीं करने पर 26 जनवरी के कार्यक्रमों में ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है। पत्र में लिखे नाम और मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि दोनों के खिलाफ पहले कोई मामला नहीं होने के कारण पुलिस मान रही है कि यह किसी तीसरे व्यक्ति का काम है। पत्र में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सभा में बम ब्लास्ट होने की बात भी शामिल है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधी-अधूरी पुष्टि की है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक स्टेशन रोड स्थित न्यू पोस्ट ऑफिस से धमकी भरा पत्र शुक्रवार शाम 6 बजे डीआरएम ऑफिस में आया था। तुरंत एसपी सत्यवीर सिंह सहित पूरा पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया। देर रात तक गुपचुप तरीके से रेलवे स्टेशन के चप्पे-चप्पे को छान मारा। पुलिस शुक्रवार रात तक कई बार रेलवे स्टेशन से लेकर शहर के कई प्रमुख इलाकों में चैकिंग कर चुकी है।
रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वाड ने बम और संदिग्ध चीजों को लेकर जांच की।
हां, पुलिस को मिला है पत्र
हां, ऐसा एक पत्र पुलिस को गुरुवार शाम डीआरएम ऑफिस में मिला है। जिसमें इंडियन मुजाहिदीन के आतंकवादियों को रिहा करने और 10 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की गई है। 26 जनवरी के कार्यक्रम में बम ब्लास्ट करने की बात भी है, लेकिन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की बात खत में नहीं है। - सत्यवीर सिंह, सिटी एसपी
पत्र में दो नाम, दोनों को पुलिस ने उठाया
पत्र में दो व्यक्तियों के नाम मोबाइल नंबरों सहित सामने आए हैं। दोनों को पुलिस ने रात में ही घर से उठाकर हिरासत में ले लिया है। दोनों हम्माली और लोडिंग ऑटो चलाने का काम करते हैं। पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त करके सील कर दिए हैं। मोबाइलों की हर चीज ट्रेस की जा रही है। हालांकि, दोनों के खिलाफ भीमगंजमंडी थाने में कोई केस दर्ज नहीं है, इसलिए पुलिस को खत भेजने के पीछे किसी दूसरे पर शक हो रहा है।
चिट्ठी में लिखा- भारत का सबसे बड़ा डॉन बनने वाला हूं
पत्र में पाकिस्तान जिंदाबाद और भारत मुर्दाबाद जैसे कई वाक्य लिखे हैं। पत्र में आतंकवादी संगठन इंडियन मुजाहिदीन के आतंकवादियों को रिहा करने की मांग है। यह भी लिखा है की मैं जल्द ही भारत का सबसे बड़ा डॉन बनने वाला हूं, इसलिए मुझे 10 करोड़ रुपए चाहिए, वरना 26 जनवरी के कार्यक्रम में बम ब्लास्ट करूंगा।