- Hindi News
- शंभुपुरा की २५०० बीघा जमीन वापस दे यूआईटी: व्यापार महासंघ
शंभुपुरा की २५०० बीघा जमीन वापस दे यूआईटी: व्यापार महासंघ
कोटा व्यापार महासंघ ने नए उद्योंगें के लिए शंभुपुरा की २५०० बीघा जमीन यूआईटी से वापस मांगी है। महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने आयात- निर्यात जोन, स्टोन पार्क, सेज और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाए जाने की मांग करते हुए कहा यह जमीन रिको को दी जाए। नेशनल वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम एवं इंडस्ट्रियल एक्जीबिशन के उद्घाटन के दौरान मुख्य अतिथि सांसद इज्यराज सिंह ने कहा कि यहां पर सेंड स्टोन का सालाना तीन हजार करोड़ का टर्न ओवर है।भीलवाड़ा, बिजोलिया, धनेश्वर और डाबी क्षेत्र सेंड स्टोन से जुड़ा हुआ है। उन्होंने इंडस्ट्रियल एक्जीबिशन का समय भविष्य में पांच दिन रखने और इसे व्यापार एवं उद्योग से जोडऩे का सुझाव दिया।
औद्योगिक विकास के लिए एयर सर्विस जरूरी है। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कई कंपनियां एयर सर्विसेज देने को भी तैयार हैं, फिर भी इसमें रुकावट आ रही है। शहर में फिर से औद्योगिक वातावरण बनाने के लिए एयर सर्विसेज के साथ-साथ नियमित बिजली की सप्लाई, औद्योगिक नियमों का सरलीकरण और रियायतें भी जरूरी हैं। उन्होंने इंस्पेक्टर राज को औद्योगिक विकास में बाधक बताते हुए कहा कि पिछले कुछ सालों में कोटा में औद्योगिक ठहराव आया है। उन्होंने युवाओं को रोजगार से जोडऩे के लिए मेन्यूफेक्चरिंग इंडस्ट्री पर जोर दिया। किसी भी देश की इकॉनॉमी ग्रोथ इसके बिना संभव नहीं है। हाड़ौती पावर हब है, इसलिए यहां संभावनाएं बहुत अधिक हैं।
उद्यमी गोविंदराम मित्तल ने कहा कि विश्व के 214 देशों में से 145 देशों में जीएसटी लागू हो गया है, लेकिन इंडिया में अभी तक लागू नहीं हुआ। इसे लागू कराया जाए। अध्यक्ष देवेन्द्र जैन ने स्वागत भाषण दिया। एमएसएमई के एमके सारस्वत, एयरफोर्स के कैप्टन एनके शरण, विज्ञान केन्द्र के डायरेक्टर जीएल गर्ग, आईएल के एमपी ईश्वर, आरएपीपी के एसके शर्मा ने भी संबोधित किया। संचालन एसोसिएशन के सचिव कमलदीप सिंह ने किया।