- Hindi News
- ‘मतदान की परंपरा कायम रहे, उत्साह से करें मतदान’
‘मतदान की परंपरा कायम रहे, उत्साह से करें मतदान’
कोटा - प्रदेश में कोटा जिले ने मतदान प्रतिशत में सर्वाधिक वृद्धि प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस तरह की हमारी परंपरा कायम रहे और अधिक उत्साह के साथ सब मिलकर आगे के लिए जुट जाएं।
यह बात कलेक्टर जोगाराम ने शुक्रवार को जिला प्रशासन और सूचना और जनसंपर्क विभाग की ओर से राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर एलबीएस कॉलेज में मतदाता जागरुकता फोटो प्रदर्शनी के उद्घाटन के पश्चात कही। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनी मतदाताओं में जागरुकता लाती है। कार्यक्रम में युवा महोत्सव के दौरान उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले छात्रों को सम्मानित किया। कलेक्टर ने मतदाताओं को शपथ भी दिलवाई। एडीएम सूरजभान जैमन, जिला परिषद सीईओ पीसी पवन, उपखंड अधिकारी राजेश जोशी, निर्वाचन तहसीलदार मनीषा तिवारी, स्वीप के सहायक नोडल अधिकारी यज्ञदत्त हाड़ा, एपीआरओ रचना शर्मा, पर्यावरणविद् डॉ. एलके दाधीच, एलबीएस कॉलेज के एकेडमिक हेड रजनीश, अनुज विलियम्स, राजेंद्र सिंह हाड़ा सहित तमाम छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
महापुरुषों के चित्रों के साथ दिया गया मतदान संदेश
प्रदर्शनी में महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और सुभाष चंद्र बोस के चित्रों के साथ मतदान का संदेश दिया गया। मतदान दिवस शपथ की शृंखला में सरकारी कार्यालय में मतदाता शपथ दिलवाई गई। शनिवार को एलबीएस कॉलेज में नवमतदाताओं का सम्मान होगा। यहां मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त अश्विनी भगत होंगे।