सरकार बदली तो 11 सड़कों का काम अटक गया
कोटा - 250 की आबादी वाले गांवों को मुख्य सड़क से जुडऩे का सपना एक बार फिर खटाई में पड़ गया। पूर्व सरकार ने अंतिम दिनों में इसके लिए वर्क आर्डर जारी किए थे। जिन्हें वर्तमान सरकार द्वारा रिव्यू किया जा रहा है। जिले की 11 गांवों की सड़कें भी इसी कारण अटक गई।
आचार संहिता लगने से कुछ समय पूर्व ही इस योजना के लिए वर्क आर्डर जारी किए थे। नई सरकार ने पिछले दिनों पुरानी सरकार के अंतिम 6 माह में किए गए सभी वर्क आर्डर रिव्यू करने के लिए रोक दिए थे। इसमें से जिले की एमडीआर 51 से बगावदा तक, देहलोद रोड से शिवदानपुरा तक, नोनेरा से नारायणपुरा तक, खातौली से छत्रपुरा तक, तालाब से सब्जीपुरा तक, नलावत रोड़ से बीजवादा तक, लुहावद रोड से बंबूलिया खरडा तक, बागली से घटोद तक, खेड़ली से टोडी तक, बालूपा से संग्रामपुरा तक की सड़कों का काम अटक गया। प्रदेश सरपंच संघ के प्रदेशाध्यक्ष कमलेश राजपुरोहित व महामंत्री रफीक पठान 28 जनवरी को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा पीडब्ल्यूडी मंत्री यूनुस खान से मिलकर सड़कों का काम जल्दी चालू करवाने की मांग करेंगे।
॥जिन सड़कों का काम चालू हो चुका हैं, वो चल रहा है। जिनके वर्क आर्डर जारी हुए थे और काम शुरू नहीं हुआ था, उनका अभी रिव्यू किया जा रहा है।’
- बीडी माहेश्वरी, एसई, पीडब्ल्यूडी