बरसात के बाद ठंडी हवाओं से गलन बढ़ी
भास्कर न्यूज - कोटा
कड़ाके की सर्दी का दौर मकर संक्रांति के 10 दिन बाद भी जारी है। दो दिन से चल रही बूंदाबांदी से शुक्रवार को राहत जरूर मिली लेकिन उम्मीद के मुताबिक धूप नहीं खिली। आंख मिचौली करते हुए धूप का असर होने से पहले ही बादलों ने सूर्य को ढक लिया।
सुबह से रात तक हवाओं में गलन का अहसास होता रहा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह शहर का अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान मामूली बढऩे से सुबह स्कूल और कोचिंग जाने वाले छात्र-छात्राओं ने कुछ राहत महसूस की। पश्चिमी विक्षोभ और हिमपात के कारण फिलहाल कुछ दिन और सर्दी की ठिठुरन बनी रहेगी। शुक्रवार को दोपहर में कुछ देर के लिए धूप खिली लेकिन शाम को मौसम फिर सर्द हो गया।