एमबीएस में 22 तरह की नई जांच शुरू
कोटा. एमबीएस स्थित केन्द्रीय प्रयोगशाला में अब 22 तरह की नई जांच शुरू की गई हैं। अब बायोकेमिस्ट्री विभाग में थायराइड ग्रुप की टी3, टी4, टीएसएच, एफटी 3, एफटी4 जांच भी होने लगी है। इसी प्रकार हृदय रोगियों के लिए कार्डियक प्रोफाइल ट्रॉप-टी व सीके एमबी जांच भी शुरू की गई है। कैंसर के लिए ट्यूमर मार्कर जांच होने लगी है, जिसमें सीए 125, एएफपी, सीईए व पीएसए जांच शामिल हैं। रक्त की कमी के रोगियों के लिए फेरी टीन, विटामिन बी-12, फोलेट जांच की सुविधा उपलब्ध है। निसंतानता हार्मोन्स के लिए 8 तरह की जांच भी होने लगी है। इसमें एफएसएच, एल एच, प्रोलेक्टिन, इंसुलिन, एचसीजी शामिल है। अब तक इन जांचों के लिए मरीजों को निजी केन्द्रों पर महंगे दाम चुकाने पड़ते थे। प्रयोगशाला प्रभारी डॉ. नवीन सक्सेना ने बताया कि लैब में अब बाजार से कम दामों पर इन सभी जांच की सुविधा उपलब्ध है।
ब्लड कल्चर की जांच नई मशीन से: माइक्रो बायलॉजी विभाग की ओर से ब्लड कल्चर का पता लगाने के लिए की जाने वाली जांच अब बेक टेक मशीन से की जाने लगी है। हालांकि यह जांच पहले भी केन्द्रीय प्रयोगशाला में होती थी, लेकिन अब उसकी रिपोर्ट रोगी को 7 दिन की बजाय 3 से 4 दिन में मिलने लगी है।