- Hindi News
- अवैध कब्जे का विरोध किया तो पार्षद महावर ने पीटा
अवैध कब्जे का विरोध किया तो पार्षद महावर ने पीटा
भास्कर न्यूज.कोटा
औद्योगिक क्षेत्र वार्ड नंबर 33 के वार्ड पार्षद गिरिराज महावर ((भाजपा)) पर उसी इलाके में रहने वाले एक भाजपा कार्यकर्ता दौलतसिंह ने मारपीट का आरोप लगाया है। पीडि़त का कहना है कि दो माह पहले पार्षद सरकारी प्लॉट पर कब्जा कर रहे थे, तब उसने विरोध किया था। इसका गुस्सा उन्होंने अब निकाला है। उस पर हॉकी से हमला किया गया है। उसने इस संबंध में नयापुरा में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मामला जांच में रखा है। वहीं पार्षद महावर का कहना है कि दौलत उनसे अभद्रता कर रहा था। कार्यकर्ताओं ने केवल उसे धक्का दिया है। वह मारपीट का गलत आरोप लगा रहा है।
प्रेमनगर सैकंड निवासी दौलत सिंह ने बताया कि वह शनिवार को विधायक भवानीसिंह राजावत द्वारा ली गई बैठक में गए थे। वहां पार्षद महावर भी थे। बैठक के बाद पार्षद अपने साथी दीपक शर्मा के साथ आए और उस पर हॉकी से हमला कर दिया। इससे हॉकी भी टूट गई। सिंह का कहना है कि पार्षद दो माह पहले इलाके में सरकारी प्लॉट पर कब्जे कर रहे थे, तो उसने व कुछ कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया था। तब से वे रंजिश पाले हुए हैं। नयापुरा थाने के एएसआई शंकरसिंह ने बताया कि दौलत की रिपोर्ट को जांच में रखा है।
मैंने नहीं पीटा, केवल कार्यकर्ताओं ने धक्का-मुक्की की थी
॥दौलत सिंह मेरे लिए अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था। इस पर मेरे साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने केवल उसे धक्का दिया था। अब वह मारपीट के झूठे आरोप लगा रहा है। मैंने कहीं कब्जा नहीं किया हुआ है। मेरा कहीं भी अवैध प्लॉट या मकान हो तो उसे तोड़ दिया जाए।
- गिरिराज महावर, पार्षद