- Hindi News
- एक मृत पशु उठवाने में पार्षद तक को आ गया पसीना
एक मृत पशु उठवाने में पार्षद तक को आ गया पसीना
कोटा.नगर निगम में अधिकारी व कर्मचारी शिकायतों पर कितनी त्वरित कार्रवाई करते हैं, इसका उदाहरण स्टेशन क्षेत्र की जनता व स्थानीय पार्षद ने प्रत्यक्ष रूप से देखा।
हाट रोड पर एक मृत पशु को उठवाने के लिए उन्हें 6 घंटे तक ठेकेदार से लेकर एसआई व हैल्थ ऑफिसर तक को 25 से 30 फोन करने पड़े। लगातार फोन करने के बाद शाम को 4 बजे उसे उठाया गया। वार्ड नंबर 57 के हाट रोड पर शुक्रवार की रात को मकानों के बाहर एक गाय मर गई। लोगों ने पहले तो अपने स्तर पर वहां के जमादार व एसआई को सूचना दी। कुछ देर बाद तक कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पार्षद आशा चतुर्वेदी को कहा। पार्षद ने सुबह 10 बजे सीएसआई व मृत पशु उठाने वाले ठेकेदार को सूचना दी। फिर भी कुछ नहीं हुआ। कई बार फोन किए, हर बार कुछ देर में आने की बात कहीं गई। बाद में उन्होंने हेल्थ ऑफिसर डॉ. जेपी गुप्ता को फोन किया तो उन्होंने भी यही जवाब दिया। इस तरह से मोहल्ले वाले तथा पार्षद लगातार पीछे पड़े रहे तब जाकर शाम को 4 बजे ठेकेदार के लोग मृत पशु को उठाकर ले गए। पार्षद का कहना है कि अक्सर अधिकारी ऐसा ही करते हैं। इससे 15 दिन पहले भी मृत पशु को उठवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। एक तरफ विशेष सफाई अभियान चल रहा है ओर दूसरी और अधिकारी इस तरह की लापरवाही कर रहे हैं।