चलते ऑटो से चुरा ले गए सिलेंडर
भास्कर न्यूज. कोटा
खेड़ली फाटक क्षेत्र में शुक्रवार को दो बदमाश एक चलते लोडिंग ऑटो में से सिलेंडर लेकर भाग गए। ऑटो क्षेत्र में सिलेंडरों की सप्लाई करने जा रहा था। ऑटो चालक को तब पता चला जब आस-पास के दुकानदारों ने चालक को बताया। ऑटो चालक ने भीमगंजमंडी पुलिस को इस संबंध में शिकायत दी है। पुलिस के अनुसार ऑटो चालक अमन व रोहित भीमगंजमंडी स्थित इंडेन गैस एजेंसी की सप्लाई देने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वो खेड़ली फाटक की तरफ मुड़े तो पीछे से दो बदमाश बाइक पर आए और चलते ऑटो में से सिलेंडर उठाकर ले गए। जब आस-पास के व्यापारियों ने यह देखा तो वे हक्के-बक्के रह गए। उन्होंने चिल्लाकर ऑटो वाले को रोका, तब जाकर उन्हें पता चला। जिस पर उन्होंने भीमगंजमंडी थाने पर शिकायत दी है।