दिन में धूप से राहत, रात में फिर गलन
कोटा - दो दिन से मौसम में फिर बदलाव शुरू हो गया है। दिन में धूप खिलने से सर्दी से राहत मिली है, लेकिन रात को गलन बढ़ रही है। अधिकतम तापमान बढ़ता हुआ 21.9 डिग्री पर जा पहुंचा। रात का तापमान घट रहा है। यह कम होते हुए 10.1 डिग्री पर जा पहुंचा है।
पिछले एक माह से शहर सर्दी व गलन से जूझ रहा है। इसके कारण शहरवासियों की दिनचर्या भी बदल गई है। अब दो दिन से इसमें सुधार हो रहा है। रविवार को सुबह से ही मौसम साफ हो गया। धूप निकली और दिनभर इसका असर रहा। रविवार का अवकाश होने के कारण लोगों ने गुनगुनी धूप का लुत्फ उठाया। सोमवार को भी इसका असर बना रहा। दोपहर में सूर्य की किरणों में तेजी रही। मौसम अधिकारी अजीतपाल भाटिया ने बताया कि अधिकतम तापमान में अभी दो डिग्री तक और तेजी आएगी, जबकि न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा। एक फरवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर होगा, जिससे सर्दी में फिर से तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 21.9 व न्यूनतम 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्र्रता सुबह 93 व शाम को 50 डिग्री रही। स्टेशन इलाके में सर्दी का असर अभी बरकरार है। यहां पर अधिकतम तापमान 19.6 व न्यूनतम 7 डिग्री मापा गया।