- Hindi News
- रिपब्लिक डे पर बहादुरी और जज्बे का सम्मान
रिपब्लिक-डे पर बहादुरी और जज्बे का सम्मान
भास्कर न्यूज - कोटा
अग्निशमन विभाग के आग बुझाने का डेमो और कड़ाके की सर्दी में 900 स्कूली बच्चों के प्रदर्शन के बीच नयापुरा स्टेडियम में रविवार को गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया। संभागीय आयुक्त अश्विनी भगत ने झंडारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। समारोह में 74 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसमें एटीएम लूटने व व्यापारी को लूटने से बचाने वालों का भी सम्मान किया गया। समारोह में एडीएम प्रशासन सूरजभान जैमन ने राज्यपाल के संदेश पढ़ा। 30 स्कूलों के करीब 900 विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। श्रीपुरा विद्यालय की 100 बालिकाओं ने राजस्थानी गीत पर सामूहिक घूमर नृत्य की प्रस्तुति दी। उसके बाद संभागीय आयुक्त और कलेक्टर जोगाराम ने शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। उसके बाद जिला स्तर पर 74 लोगों को सम्मानित किया। इसमें लूट बचाने वालों के साथ-साथ पानी में डूबने वाली महिला व युवती को बचाने वालों का भी सम्मान किया। इसके अलावा सामाजिक क्षेत्र, शिक्षा, सरकारी कामकाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले भी शामिल थे। समारोह में सांसद इज्यराज सिंह, पीपल्दा विधायक विद्याशंकर नंदवाना, जिला प्रमुख श्रीमती रेखा शर्मा, एडीएम सिटी गिरिराज कुमार, सिटी एसपी सत्यवीर सिंह, ग्रामीण एसपी विकास पाठक, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी.पवन, एएसपी विनीत बंसल, सीईओ दिनेश जैन, यूआईटी सचिव आरडी मीणा उपस्थित थे।
आग बुझाई और पानी की बौछार का प्रदर्शन
समारोह में 7 विभागों द्वारा भव्य झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इनमें निर्वाचन, नगर निगम, नगर विकास न्यास, मनरेगा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, वन विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकियां प्रमुख थीं। अग्निशमन विभाग की झांकी में कर्मचारियों ने पानी की बौछार करके, अधिकारियों ने ऑयल डिपो में आग बुझाने का प्रदर्शन किया। झांकियों में प्रथम स्थान पर मतदाता प्रोत्साहन के लिए निर्वाचन विभाग की झांकी तथा द्वितीय स्थान पर नगर निगम की अग्निशमन की झांकी रही। मार्चपास्ट प्रदर्शन में प्रथम वर्ग में आर.ए.सी. बटालियन द्वितीय को प्रथम स्थान तथा ग्रामीण पुलिस की महिला बटालियन द्वितीय स्थान पर रहीं। द्वितीय वर्ग में एनसीसी एयरविंग को प्रथम एवं होमगार्ड को दूसरा स्थान मिला। आईएल में कर्मचारियों की ओर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन कर गणतंत्र दिवस मनाया। शिविर का आयोजन रोटरी क्लब उर्जा एवं आईएल की ओर से किया किया था।
जिसका शुभारंभ कंपनी के सीएमडी एमपी ईश्वर ने किया।