- Hindi News
- पाइप फटा, इन्दौर निजामुद्दीन इंटरसिटी एक घंटे अटकी
पाइप फटा, इन्दौर-निजामुद्दीन इंटरसिटी एक घंटे अटकी
कोटा - इन्दौर से निजामुद्दीन की ओर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन का वैक्यूम प्रेशर पाइप ((हॉस पाइप)) कोटा रेल मंडल के विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन के पास अचानक फट गया। इसके कारण ट्रेन खड़ी हो गई। चालक व सहायक चालक ने नया पाइप लाइन लगाया। इस काम में लगभग एक घंटे का समय लगा। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ सकी।
गाड़ी संख्या 12415 इंदौर-निजामुद्दीन इंटरसिटी एक्सप्रेस सोमवार को कोटा की तरफ बढ़ रही थी। जब ट्रेन विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो अचानक उसके इंजन का वैक्यूम प्रेशर पाइप फट गया। जिससे इंजन से गार्ड के डिब्बे तक जाने वाला वैक्यूम प्रेशर नहीं पहुंच रहा था। इसके कारण ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। पहले तो ड्राइवर व असिस्टेंट ड्राइवर ने उस पाइप को ठीक करने का प्रयास किया लेकिन जब वह ठीक नहीं हुआ तो नया पाइप लगाया गया। पहले तो यात्रियों को ट्रेन के लेट होने का कारण पता नहीं लगा लेकिन जब टीटीई से पूछताछ की गई तो वास्तविकता का पता लगा। इंटरसिटी ट्रेन कोटा रेलवे स्टेशन भी लेट पहुंची।