पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ६ साल से जंग खा रहा धाकडख़ेड़ी सीवरेज प्लांट अगले माह चालू होगा

६ साल से जंग खा रहा धाकडख़ेड़ी सीवरेज प्लांट अगले माह चालू होगा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोटा. पिछले 6 साल से जंग खा रहा धाकडख़ेड़ी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट अगले महीने से शुरू हो जाएगा। इसकी मरम्मत कर इसे ट्रायल के रूप में चालू कर दिया गया है। साथ ही स्टेशन से नयापुरा क्षेत्र तक के मकानों को इससे जोड़ा जा रहा है। पहले चरण में 5000 कनेक्शन दिए जाएंगे, जिसमें से 490 कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इसके अलावा यूआईटी द्वारा 30 और 6 एमएलडी के दो सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और बनाए जा रहे हैं। इनका लाभ एक साल बाद मिलेगा।

आरयूआईडीपी ने शहर का पहला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट धाकडख़ेड़ी में 27 करोड़ रुपए की लागत से बनाया था। जिसका संचालन निगम को करना था, लेकिन दोनों विभागों में विवाद हो गया और 6 साल से प्लांट बनने के बावजूद चालू नहीं हो सका। ट्रीटमेंट प्लांट की समस्या के चलते ही विज्ञाननगर कालोनी के सीवरेज को नालियों से जोड़ा गया। बारिश में जैसे ही नालियों में पानी का स्तर बढ़ता था तो सीवरेज ओवरफ्लो हो जाते थे। पुराने कोटा से लेकर स्टेशन क्षेत्र तक में अधिकांश जगह सीवरेज का कोई सिस्टम ही नहीं है। पिछले कई सालों से वहां के लोग नारकीय जीवन जी रहे हैं। अब ट्रीटमेंट प्लांट के चालू हो जाने से शहर की सदियों पुरानी सीवरेज व्यवस्था बदल जाएगी।

अब यहां अमरूदों का बाग लगेगा : प्लांट के आसपास निगम की काफी जमीन खाली पड़ी है। जिसमें जंगली पेड़-पौधे उग रहे हैं। उस तरफ से चोर भी प्लांट में घुस आते हैं। इस पर निगम हॉर्टिकल्चर विभाग से मिलकर यहां अमरूद का बाग लगाने की योजना बना रहा है।

पिछले दिनों इस संबंध में राज्य सरकार ने आरयूआईडीपी, निर्माण कंपनी तथा नगर निगम के बीच समझौता करवाया। उसके बाद निर्णय हुआ कि निर्माण कंपनी इसे मेंटेन कर चालू करके देगी। जिसके बदले में हर माह 2.10 लाख रुपए नगर निगम देगा। उसके बाद से कंपनी ने मेंटेनेंस का काम शुरू किया और जंग लगी मशीनों को ठीक कर 95 प्रतिशत प्लांट चालू कर दिया। 15 दिन में इसे पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा।

चंबल को मिलेगी 22 नालों से मुक्ति

शहर में तीनों ट्रीटमेंट प्लांट चालू हो जाने से चंबल को 22 बड़े नालों से मुक्ति मिल सकेगी। अभी ये नाले सीधे चंबल में गिरते हैं। अब रिसाइकिल होकर गंदगी मुक्त पानी चंबल में जाएगा।

धाकडख़ेड़ी ट्रीटमेंट प्लांट का काम लगभग पूरा हो चुका है। कनेक्शन देने का काम भी चल रहा है। अगले माह से इसे चालू कर दिया जाएगा। आगे भी कनेक्शन जुड़ते जाएंगे।’ - भूपेंद्र माथुर,एसई, नगर निगम

राज्य सरकार ने करवाया समझौता

पिछले दिनों इस संबंध में राज्य सरकार ने आरयूआईडीपी, निर्माण कंपनी तथा नगर निगम के बीच समझौता करवाया। उसके बाद निर्णय हुआ कि निर्माण कंपनी इसे मेंटेन कर चालू करके देगी। जिसके बदले में हर माह 2.10 लाख रुपए नगर निगम देगा। उसके बाद से कंपनी ने मेंटेनेंस का काम शुरू किया और जंग लगी मशीनों को ठीक कर 95 प्रतिशत प्लांट चालू कर दिया। 15 दिन में इसे पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा।