भाजपा किसान मोर्चा कल देगा धरना
कोटा - केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर धरना देगा। यह निर्णय मंगलवार को भाजपा कार्यालय पर शहर जिला अध्यक्ष श्याम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया।
शहर अध्यक्ष श्याम शर्मा ने बताया कि केन्द्र सरकार ने किसानों को लाभकारी मूल्य के फार्मूले को ठंडे बस्ते में डाल रखा है। स्वामीनाथन कमीशन की रिपोर्ट को लागू नहीं किया। कमीशन की रिपोर्ट लागू होती तो किसानों को 2100 रुपए गेहूं का समर्थन मूल्य, गन्ने का समर्थन मूल्य 375 रुपए करना और इन पर 50 प्रतिशत लाभांश जोड़कर किसानों को देने की सिफारिश की थी। किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुकुट नागर ने बताया कि गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर धरना देकर 16 सूत्री मांगों का ज्ञापन प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपेंगे। बैठक में तय हुआ है कि केन्द्र सरकार सात दिन में मांगों पर अमल नहीं करेगी तो सात फरवरी को पूरे देश में किसान आक्रोश दिवस मनाया जाएगा। जिसमें किसान रेल की पटरी पर बैठेंगे। इस अवसर पर मोर्चा के जिला मंत्री परमानंद वर्मा, उपाध्यक्ष महावीर सिंह, कोषाध्यक्ष हेमराज जोशी, मोहम्मद हुसैन, पूरणमल चौहान, जिला मंत्री लक्ष्मीनारायण सैनी, मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह राजावत आदि शामिल थे।