पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बेटी का लग्न लिखा जाना था, अब बहू की अर्थी उठेगी

बेटी का लग्न लिखा जाना था, अब बहू की अर्थी उठेगी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कोटा
पूरा परिवार बेटी की शादी की तैयारियों में लगा था। एक दिन बाद बेटी का लग्न लिखा जाना था। यह सब होता इसके पहले ही खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार की बहू को रायपुरा के पास रोडवेज बस ने कुचल दिया, जबकि बेटे के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। वहीं, हादसे में उनका 3 साल का बेटा बाल-बाल बच गया।
उद्योगनगर सीआई पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि सांगोद के कैलाशपुरा गांव निवासी मुकेश नागर ((28)) केशवपुरा में पत्नी मीना ((25)) व बेटे टिल्लू के साथ रहता है। मुकेश की बहन की शादी 4 फरवरी को होनी थी। बुधवार को गांव में लग्न आने वाला था। इसके लिए मुकेश बाइक से पत्नी और बेटे को लेकर मंगलवार शाम को गांव के लिए रवाना हुआ। रायपुरा रोड पर इमानुअल स्कूल के पास सांगोद जा रही रोडवेज बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक पर बैठे तीनों नीचे गिर गए। इस दौरान बस का पहिया मीना के ऊपर से गुजर गया। इससे वह गंभीर घायल हो गई। मुकेश के भी हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। लेकिन, टिल्लू सुरक्षित बच गया। लोगों ने तत्काल मीना को एमबीएस पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घायल मुकेश को तलवंडी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। बस को जब्त कर लिया गया है।
मासूम को नहीं पता कि मां अब नहीं आएगी
हादसे के बाद मासूम टिल्लू काफी घबरा गया था। वह लगातार रोए जा रहा था। उसे लोगों ने संभाला। बाद में पिता के साथ अस्पताल भेजा। टिल्लू अभी तक अहसास नहीं कि उसे दुलार करने वाली मां अब इस दुनिया में नहीं रही।
चल रही थी शादी की तैयारी
परिवार में हर कोई घर की छोटी बेटी की शादी को लेकर खुश था। भाई-भाभी भी शादी के लिए कई दिनों से तैयारी कर रहे थे। बुधवार सुबह परिवार वाले लग्न लेकर दूल्हे के घर जाने वाले थे। अब लग्न की जगह परिवार की बहू की अर्थी उठेगी।