- Hindi News
- राहुल के बयान पर कोटा में कन्नी काट गए दिग्विजय सिंह
राहुल के बयान पर कोटा में कन्नी काट गए दिग्विजय सिंह
कोटा - बुधवार को कोटा आए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी के उस बयान से कन्नी काट ली, जिसमें उन्होंने कहा था कि 1984 के सिख दंगों में कुछ कांग्रेसी भी शामिल थे। दिग्विजय सिंह ने सवाल का सीधा जवाब देने की बजाय उसे भाजपा के खेमे में ले जाने की कोशिश की। कहा, कांग्रेस और भाजपा में यही अंतर है। भाजपा दंगाइयों और भ्रष्टाचारियों को बचाती है, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं करती। सिख विरोधी दंगों में जिनके भी नाम आए हैं, उनके खिलाफ कोर्ट ने कार्रवाई की है। यह पूछने पर कि पार्टी ने उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की है? वे टालमटोल कर आगे बढ़ गए। निजी स्कूल के वार्षिकोत्सव में शामिल होने आए सिंह ने पत्रकारों से मात्र 5 मिनट ही बात की। लोकसभा चुनावों के लिए हुए सर्वे में कांग्रेस की हार के सवाल पर उन्होंने मीडिया पर कमेंट करते हुए कहा- ‘इसके लिए आप सभी को धन्यवाद’ शेष - पेज १०
उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 और 2009 के सर्वे में भी मीडिया ने कांग्रेस को हराया था, लेकिन क्या हुआ। नतीजे एकदम विपरीत ही निकले।
फरवरी में घोषित होंगे उम्मीदवार
आगामी लोकसभा चुनावों के संबंध में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कमेटी बन चुकी हैं। फरवरी में पार्टी का घोषणा पत्र तथा उम्मीद्वारों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। लोकसभा चुनाव लडऩे के संबंध में कहा कि पार्टी कहेगी तो लोकसभा चुनाव लडूंगा।