- Hindi News
- नगर निगम की शवयात्रा निकाली, किया दाहसंस्कार
नगर निगम की शवयात्रा निकाली, किया दाहसंस्कार
कोटा - छावनी मुक्तिधाम की अव्यवस्थाओं से परेशान लोगों ने बुधवार को छावनी मुक्तिधाम से सात अजूबा पार्क तक नगर निगम की शव यात्रा निकाली। लोग पार्क के भीतर अंतिम संस्कार करना चाहते थे, लेकिन गार्डों ने रोक दिया। इस पर दोनों पक्षों में जमकर झड़प भी हुई। शवयात्रा मुक्ति धाम से शुरू होकर छावनी, कोटड़ी सब्जीमंडी, कोटड़ी चौराहा होती हुई सेवन वंडर्स पार्क पहुंची। पार्क के बाहर अंतिम संस्कार हुआ।
शव यात्रा के साथ रघुपति राघव राजा राम.... की राम धुन बजाते हुए बाजे चल रहे थे और लोग ‘राम नाम सत्य है, नगर निगम मस्त है।’ के नारे लगा रहे थे। भाजपा देहात आईटी सेल के जिला संयोजक श्याम गौड़ के नेतृत्व में पहुंचे गोरधनपुरा, कोटड़ी, छावनी व रामचंद्रपुरा के लोगों में मुक्तिधाम में फैली अव्यवस्थाओं पर काफी रोष था। उन्होंने चेतावनी दी है कि निगम, यूआईटी व प्रशासन ने समस्याओं के प्रति गंभीरता से नहीं लिया तो 7 दिन के बाद निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन और फिर आमरण अनशन पर बैठेंगे। जब तक नया घाट नहीं बन जाएगा तब तक सभी क्षेत्रवासी सेवन वंडर्स के सामने बने इस घाट पर स्नान और क्रियाक्रम करेंगे। गुरुवार को महापौर और यूआईटी सचिव को ज्ञापन सौंपा जाएगा।