- Hindi News
- मुंबई में सरगना के घर पर दबिश, घरों में मिले ताले
मुंबई में सरगना के घर पर दबिश, घरों में मिले ताले
भास्कर न्यूज - कोटा
कोटा पुलिस रेलवे में भर्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना के घर मुंबई पहुंच गई, लेकिन उसके घर पर ताला लगा मिला। पुलिस ने अन्य आरोपियों के घरों पर भी दबिश दी, लेकिन सब वहां किराए के मकान में रहते थे और पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए।
कोतवाली सीआई हरिचरण मीणा ने बताया कि एसआई रामलक्ष्मण के नेतृत्व में टीम मुंबई के लिए भेजी थी। पुलिस टीम ने मुंबई पहुंचकर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया। उसके बाद उनकी मदद से गिरोह के सरगना चंद्रशेखर के घर पर दबिश दी। वह एक बहुमंजिला इमारत में किराए के फ्लैट में रहता है। उसके घर पर ताला लगा मिला। इसके अलावा मुन्ना, रूशी दादा, नितिन, मुन्ना के घरों पर दबिश दी, लेकिन वहां भी कोई नहीं मिला। ये सब लोग किराए के मकान में रहते हैं। पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटा रही है।
पीडि़त सामने नहीं आ रहे हैं: पुलिस टीम ने औरंगाबाद और मुंबई में रहने वाले कई पीडि़त अभ्यर्थियों से संपर्क किया, लेकिन वे पुलिस की मदद से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे सामने आएंगे तो उनका भविष्य खराब हो जाएगा। पुलिस अन्य अभ्यर्थियों से संपर्क कर रही है।