पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • तीसरे दिन भी थमे रहे ट्रक, मिस्त्री पहुंचे कलेक्ट्रेट

तीसरे दिन भी थमे रहे ट्रक, मिस्त्री पहुंचे कलेक्ट्रेट

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कोटा
ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे ट्रांसपोर्टर और मिस्त्रियों का विवाद तीसरे दिन भी जारी रहा। ट्रांसपोटर्स ने प्रतिष्ठान बंद रखे तो मिस्त्रियों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर कलेक्टर को ज्ञापन दिया।
उन्होंने कलेक्टर से पुनर्वास किए जाने की मांग की। हड़ताल की वजह से कोटा स्टोन, भामाशाहमंडी में लदान ठप हो गया है। यूआईटी ने अतिक्रमियों को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था। इसके चलते कुछ थड़ी वालों ने सामान हटा लिया। मिस्त्री सुबह रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। उन्होंने वहां प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर से कहा कि वे 1992 से कार्य कर रहे हैं। उन्हें मोटर मार्केट से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें कोई भूखंड आवंटित नहीं हुआ है। ऐसे करीब 150 मैकेनिक हैं। हमें ट्रांसपोर्ट नगर में ही भूखंड आवंटित किया जाए। इससे अतिक्रमण से सभी को छुटकारा मिल सके। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष नईम भाई, साबिर, चांद मोहम्मद, लक्ष्मीनारायण, मथुरा मौजूद थे।
बेकार बैठे रहे ट्रांसपोर्टर्स
तीसरे दिन भी ट्रांसपोर्ट नगर बंद रहा। ट्रांसपोर्टर बेकार ही बैठे रहे। कुछ व्यापारियों ने आधी दुकानें खोलकर जरूरी काम किया। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण बिट्टू ने बताया कि हड़ताल अतिक्रमण नहीं हटने तक जारी रहेगी।
तीन दिन में दो करोड़ से ज्यादा का नुकसान
बिट्टू ने बताया कि हड़ताल की वजह से कोटा स्टोन, भामाशाहमंडी में जिंस की आवक, किराना व्यापार सहित अन्य व्यापार प्रभावित हो रहा है। तीन दिन की हड़ताल से अब तक 2 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार प्रभावित हो चुका है।
मध्यस्थता से निकालो हल
कोटा ग्रेन मंडी सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन मंत्री अविनाश राठी ने कहा है कि हड़ताल के चलते भामाशाह मंडी में जिंसों का लदान बंद हो गया है। इससे किसानों व व्यापारियों को परेशानी हो रही है। ऐसे में इस समस्या का हल मध्यस्थता से किया जाना चाहिए।
कमेटी की रिपोर्ट के बाद तय होगा
मिस्त्री ज्ञापन देकर गए हैं। एडीएम सिटी और यूआईटी के अधिकारियों की कमेटी बनाई है, जो मौके पर जाकर स्थिति देखेगी। उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- जोगाराम, कलेक्टर