- Hindi News
- कुर्सी एक, सीएमएचओ दो, पुराने स्टे लेकर आ गए, नए ने नहीं सौंपा कार्यभारअसमंजस ! पुराने सीएमएचओ कोर्
कुर्सी एक, सीएमएचओ दो, पुराने स्टे लेकर आ गए, नए ने नहीं सौंपा कार्यभारअसमंजस-!-पुराने सीएमएचओ कोर्ट से लेकर आए स्टे, पुराने भी सरकारी आदेश के तहत डटे रहे कुर्सी पर
भास्कर न्यूज - कोटा
सीएमएचओ ऑफिस में बुधवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति हो गई जब एक साथ दो-दो सीएमएचओ पहुंच गए। हुआ यूं कि पूर्व सीएमएचओ डॉ. गजेंद्र सिंह सिसोदिया को सरकार ने एपीओ किया था, उस पर वो ट्रिब्यूनल से स्टे लेकर आ गए। वहीं वर्तमान में कार्यवाहक सीएमएचओ डॉ. अनिल कौशिक के पास कोई आदेश नहीं होने के कारण उन्होंने डॉ. सिसोदिया को कार्यभार नहीं सौंपा। कुछ देर रुकने के बाद डॉ. सिसोदिया जयपुर के लिए रवाना हो गए।
शहर के सीएमएचओ डॉ. गजेंद्र सिंह सिसोदिया को सरकार ने बिना कोई कारण बताए एक आदेश जारी कर 27 दिसंबर को अचानक एपीओ कर दिया था। उनके स्थान पर सर्जरी मोबाइल यूनिट के प्रभारी डॉ. अनिल कौशिक को कार्यवाहक सीएमएचओ बना दिया गया। उन्होंने कार्यभार भी संभाल लिया। बिना कारण एपीओ किए जाने पर डॉ. सिसोदिया 8 जनवरी को जयपुर ट्रिब्यूनल कोर्ट में चले गए। वहां से बुधवार को कोर्ट ने स्टे दे दिया। इसकी कॉपी लेकर बुधवार सुबह डॉ. सिसोदिया ऑफिस पहुंचे। वहां डॉ. कौशिक उपस्थित थे। उन्होंने स्टे की कॉपी डॉ. कौशिक को दी और चार्ज मांगा। डॉ. कौशिक ने कहा कि मेरे पास मुख्यालय या सरकार की तरफ से चार्ज सौंपने के कोई आदेश नहीं हैं। ये स्टे की कॉपी मुख्यालय में डायरेक्टर को दो, वहां से वे कोई आदेश जारी करेंगे। इस पर कुछ देर रुकने के बाद डॉ. सिसोदिया जयपुर के लिए रवाना हो गए।
सीएमएचओ ऑफिस में कार्यवाहक सीएमएचओ अनिल कौशिक व गजेन्द्र सिसोदिया।
॥मुझे ट्रिब्यूनल ने स्टे दिया है, इस आधार पर ऑफिस गया था, लेकिन मुख्यालय से कोई आदेश नहीं होने के कारण अब स्टे की कॉपी लेकर जयपुर पहुंचा हूं। गुरुवार को इस संबंध में नए आदेश जारी होंगे।’
- डॉ. गजेंद्र सिसोदिया
॥डॉ. सिसोदिया ट्रिब्यूनल से स्टे की कॉपी लेकर आए थे, सामान्यत: ऐसे आदेश की कॉपी पहले मुख्यालय को देनी चाहिए। वहीं से दिशा-निर्देश जारी होते हैं। अभी तक तो मैं ही कार्यवाहक सीएमएचओ के तौर पर काम कर रहा हूं।’
- डॉ. अनिल कौशिक
कुर्सी एक, सीएमएचओ दो, पुराने स्टे लेकर आ गए
वर्तमान कार्यवाहक सीएमएचओ ने नहीं दिया चार्ज, सरकारी आदेश के तहत डटे रहे कुर्सी पर, कहा- पहले जयपुर से आदेश लाओ