तीखी धूप ने उतरवाए गर्म कपड़े
कोटा - एक माह से कोहरे और कड़ाके की सर्दी से परेशानी के बाद अब धूप इतनी तेज हो गई कि उसमें ज्यादा देर तक बैठना भी मुश्किल हो गया है। दोपहर बाद तो लोगों ने गर्म कपड़े भी उतार फेंके। हालांकि शाम ढलने के बाद फिर से गलन बनी हुई है। सुबह की आद्र्रता 88 फीसदी होने से मामूली ठंड रही, लेकिन दिन में तेज धूप खिलने से शाम को आद्र्रता 35 फीसदी रही। न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम पारा बढ़कर 25.8 फीसदी हो गया। तापमान में सुधार होने से लोगों की दिनचर्या भी सामान्य होने लगी है। हालांकि शाम होते ही मौसम फिर सर्द हो गया। सुबह से ही खिलने से गृहणियां कपड़े सुखाने में व्यस्त रहीं। हालांकि घरों के भीतर गलन महसूस होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान बढऩे से दिन में गर्मी और रात में सर्दी का असर बना रहेगा।