छात्र-छात्राओं ने निकाला पथ संचलन - फोटो
करौली - सुभाष जयंती के उपलक्ष्य में रामस्नेही कीर्ति राम माआविमं के छात्राओं व दाखा देवी बामाआविमं की छात्राओं द्वारा पथ संचलन निकाला गया।
विद्यालय प्रधानाध्यापक विपिन शर्मा व रसपाल चतुर्वेदी ने पथ संचलन से पूर्व छात्र-छात्राओं को सुभाष चंद बोस के जीवन चरित्र के बारे में बताते हुए उनके आदर्शों से शिक्षा ग्रहण करने की बात कही। इसके बाद दोनों विद्यालय के प्रधानाचार्यों ने झंडी दिखाकर पथ संचलन का शुभारंभ करवाया, जिसमें आगे-आगे घोड़ों पर झांसी की रानी लक्ष्मी बाई व सुभाष चंद्र बोस की सजीव झांकी चल रही थी और पीछे -पीछे पथ संचलन करते हुए बालक व उनके पीछे बैंड बाजों की धुन पर घोष बजता हुआ चल रहा था। घोष के पीछे बालिकाएं कदम से कदम मिलाते हुए चल रही थी। पथ संचलन का जगह-जगह फूलों की वर्षा व रंगोली बनाकर स्वागत किया गया। हिंडौन सिटी - आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थियों की ओर से गुरुवार को सुभाष जयंती पर रैली निकाली गई। इसमें काफी संख्या में स्कूल के विद्यार्थी एवं गुरुजन शामिल हुए।
प्रधानाचार्य परशुराम बेनीवाल ने बताया कि रैली स्कूल से शुरु होकर अंबेडकर सर्किल पर पहुंची। जहां से सुभाष चंद बोस के जयघोष लगाते हुए रैली में शामिल विद्यार्थी शहर के बाजारों के लिए रवाना हुए। रैली अंबेडकर सर्किल से शुरु होकर हनुमान टॉकीज, नीमकाबाजार, सर्राफा बाजार, कटरा बाजार, डैम्परोड, चौपड़ सर्किल होते हुए तिरुपति नगर पहुंची। रैली के समापन पर स्कूल के आचार्यों ने सुभाष चंद बोस की जीवनी के बारे में बताया।
टोडाभीम - आदर्श विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने पथ संचलन किया। इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को विकास अधिकारी विक्रमसिंह गुर्जर ने झंडी दिखाकर रवानगी दी।
प्रात: 11 बजे नए बस स्टैंड रोड़ पर स्थित आदर्श विद्या मंदिर से रवाना होकर पथ संचलन शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: विद्यालय पहुंचा। पथ संचलन का बस स्टैंड, गणेश गंज बाजार, ताता कुआं राजाजी का गढ़, जीप स्टैंड, पुराना बस स्टैंड स्वागत किया गया। सुभाष जयंती के अवसर पर भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने शिखर मंदिर प्रांगण में वाक पीठ संगोष्ठी का आयोजन किया जिसमें कार्यकर्ताओं ने नेताजी सुभाष बोस के पद चिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मावि सांकरवाड़ा, सुधीर शिक्षण संस्था सहित सरकारी एवं निजी शिक्षण संथाओं में अनेक कार्यक्रम हुए।
गुढ़ाचंद्रजी - नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर गुरूवार को कस्बे के माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर में सुभाष चन्द जयंती समारोह मनाया गया। इस अवसर पर सजीव झांकियों के साथ विद्यार्थियों ने पथ संचलन निकाला। समारोह में वक्ताओं ने नेताजी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। विद्या मंदिर के छात्रों द्वारा शंख घोष के साथ कस्बे के प्रमुख मार्गों से सुभाष चन्द्र बोस की सजीव झांकी के साथ पथ संचलन निकाला। पथ संचलन को विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य वीरेंद्र शर्मा ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। पथ संचलन में सुभाष चन्द्र बोस व छत्रपति शिवाजी की भी झांकी का लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
सपोटरा - उपखण्ड मुख्यालय पर आदर्श विद्या मंदिर में महान क्रांतिकारी मनीषी नेताजी सुभाष चंद बोस की जयंती धूमधाम से मनाई तथा कस्बे में घोष के साथ पथ संचलन किया गया और नेताजी की सजीव झांकी निकाली गई।
प्रधानाचार्य मुरारीलाल पुरवंशी ने बताया कि आदर्श विद्या मंदिर में जिला सरसंघ चालक बनवारीलाल गुप्ता, डॉ. लखनलाल मीणा तथा गिर्राज गुप्ता के आतिथ्य में नेताजी सुभाष चंद बोस की जयंती बड़े धूमधाम से मनाई गई।
ग्राम पंचायत नारौली डांग के चिंताहरण हनुमानजी मंदिर के प्रांगण में शहीद भगतसिंह विचार मंच द्वारा गुरूवार को नेताजी सुभाष चंद बोस की जयंती मनाई गई। मंच के संयोजक के के शर्मा ने बैठक में महान क्रांतिकारी मनीषी नेताजी सुभाष चंद बोस के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके दर्शन व चरित्र को आत्मसात कर देश की दिशा व दशा बदलने पर बल दिया गया। विश्व स्तरीय पूंजीवादी, साम्राज्यवादी व्यवस्था से छुटकारा दिलाने के लिए क्रांतिकारी परिवर्तन व संघर्ष करने पर जोर दिया। बैठक में सुरेश श्रीमाल, रमेश मीणा, राजकुमार मीणा, पृथ्वी मीणा, कैलाश सांवरिया, अशोक गुप्ता आदि ने संबोधित किया।