- Hindi News
- पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार
पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - जयपुर
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को खो नागोरियान थाने के एएसआई सुरज्ञान चंद को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। एएसआई ने रिश्वत की राशि चोरी गए ट्रैक्टर की बरामदगी के बाद सुपुर्द करने की एवज में थाना परिसर में ही ली।
एसीबी के डीजी मनोज भट्ट ने बताया कि गिरफ्तार एएसआई सुरज्ञान चंद मूलत: दौसा में सिकंदरा के पास लोटवाड़ा का रहने वाला है और गांधी नगर थाना परिसर के क्वार्टर में रहता है। इस संबंध में सलीम खान ने एसीबी में शिकायत की थी कि उसका ट्रैक्टर गत वर्ष 25 दिसंबर को चोरी हो गया था। जिसकी रिपोर्ट खो नागोरियान थाने में दर्ज करवाई थी। मामले की जांच खो नागोरियान थाने का एएसआई सुरज्ञान चंद कर रहा है। ट्रैक्टर को पांच दिन बाद ही भरतपुर के पास बरामद कर लिया था। जिसे भरतपुर के सीकरी थाने में खड़ा किया गया था। ट्रैक्टर बरामदगी के बाद सुपुर्द करने की एवज में जांच अधिकारी पांच हजार रुपए मांग रहा है। एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया तो सही निकला। मंगलवार को सलीम खान रिश्वत की राशि लेकर थाने गया। जहां सुरज्ञान ने रिश्वत की राशि ले ली। रिश्वत लेते ही एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने गांधी नगर सरकारी क्वार्टर स्थित आवास की तलाशी ली लेकिन कुछ नहीं मिला।
खो नागोरियान थाने का मामला, चोरी गए ट्रैक्टर को बरामद करने के बाद सुपुर्द करने की एवज में मांगी थी राशि