एक से बढ़कर एक भजनों की दी प्रस्तुतियां
नागौर. सांवरा सेठ मन्दिर में वार्षिक महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर मन्दिर पुजारी पप्पू महाराज व सांवरा सेठ विकास समिति के सदस्यों ने बताया कि सुबह भगवान सांवरा सेठ का विशेष शृंगार किया गया। इसी कड़ी में प्रख्यात पण्डितों द्वारा भगवान शिव का अभिषेक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सायंकालीन भजन संध्या का आयोजन था। जिसमें जोधपुर से आए प्रसिद्ध गायक राजू राजस्थानी की ओर से भजन अरे द्वार पालों कन्हैया से कह दो.... पर भक्त भक्ति सागर में झूमने पर मजबूर हो गए। इस क्रम में संत जानकी दास जी महाराज ने भी थारी चाकरी में चूक कौनी म्हारा सांवरिया ... की प्रस्तुति दी। रमेश भाई अटल, विजय व्यास, घनश्याम आदि ने भी भजनों की प्रस्तुति दी। भजन संध्या कार्यक्रम में मोहल्ले सहित आसपास के लोग मौजूद रहे।