करंट लगने से युवक की मौत, महिला घायल
भास्कर न्यूज - परबतसर
ग्राम पीपलाद की कानुका की ढाणी में गुरुवार सुबह तार टूट कर गिरने से युवक की मौत हो गई। बिलोना करते समय करंट लगने से विवाहिता घायल हो गई।
हैड कांस्टेबल चुन्नीलाल कुमावत ने बताया कि शफी खां निवासी सिपाहियों का मोहल्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम पीपलाद की कानुका ढाणी के पास उसकी कृषि भूमि में सुबह 10.45 बजे उसका पुत्र गुलाब खां ((35)) फसल में सिंचाई कर रहा था। उसी समय बिजली लाइन में फाल्ट होने से तार टूट कर जमीन पर गिर गया।
इससे गुलाब खां के करंट लग गया एवं वह बेहोश हो गया। उसे परबतसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसी प्रकार कानुका की ढाणी में कई घरों में फाल्ट आ गया तथा सर्विस लाइनों के तार टूट कर गिर गए।
हादसे में रोशन खां की पत्नी जैबुना को भी करंट लगने से वह अचेत हो गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी जगदीशप्रसाद गौड़, थानाधिकारी गोमाराम चौधरी, एएसआई डूंगरसिंह आदि अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया।