किसान हितों पर हुई चर्चा
कुचामन सिटी. अखिल भारतीय किसान सभा जिला कमेटी की आवश्यक बैठक गुरुवार को स्थानीय कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष कामरेड अमराराम ने की। बैठक में सभा के कउल्लूर, तमिलनाडु में आयोज्य 33वें सम्मेलन की रिपोर्टिंग की गई। सम्मेलन में किसान, खेती व खेत की दशा पर चर्चा की गई। घटती जोत व बढ़ते खर्चे के बीच किसान कि स्थिति के लिए 1990 के बाद जो सरकारों ने उदारीकरण की नीति बनाई थी वह जिम्मेदार है। साथ ही सरकारें किसानों की जमीनों को अधिग्रहित कर बड़ी कम्पनियां के हवाले कर रही है। कामरेड अमराराम ने बताया कि वर्तमान सरकार ने भी फसल बीमा प्रीमियम राशि दो सौ रुपए प्रति हैक्टर से बढ़ाकर करीब आठ सौ रुपए प्रति हैक्टेयर कर दिया है। इससे संकेत मिल रहा है कि यह सरकार किसान हितैषी नहीं है। इस अवसर पर किसानों के हितों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही उपस्थितों को बताया गया कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों को लेकर छह फरवरी को सभी तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में लाडनूं से बजरंग लाल चोयल, खींवसर से चूनाराम पालीवाल, डेगाना से भंवर लाल खालिया, मकराना से मोतीलाल शर्मा, परबतसर से गणपत मुंडेल सहित नावां से तहसील कमेटी सदस्य उपस्थित रहे।