गूंजा आई माता का जयकारा
भास्कर न्यूज - बाली
रडावा में आईमाता के नवनिर्मित मंदिर के तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर बुधवार को अनेक आयोजन हुए। बुधवार को मंदिर की प्रतिष्ठा को लेकर विभिन्न प्रकार की बोलियां लगाई गई।उसके बाद में नवनिर्मित मोबण रोपण, तोरण पूजन, उत्तर पूजन सहित मंदिर की प्रतिष्ठा, पाट व अखंड ज्योति की स्थापना के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धर्मगुरु दीवान माधवसिंह द्वारा अखंड ज्योति को प्रज्ज्वलित किया गया। इसके बाद आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए दीवान ने कहा कि वर्तमान में प्रत्येक व्यक्ति में आध्यात्मिकता का संचार होना अतिआवश्यक है। किसी भी क्षेत्र में आध्यात्मिकता का वातावरण होता है, वहां कि हवा शुद्ध होती है तथा शांति एवं सहिष्णुता का वातावरण पैदा होता है। उन्होंने इस अवसर पर सभी को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। प्रतिष्ठा को लेकर पंडित अवधेश महाराज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं यज्ञ हुए, जिसमें गणपति पूजन, रूद्र पूजन,वर्धिनी पूजन, प्रधान सर्वतोभद्र मंडल पूजन, षोडश मातृका, चौसठ योगिनी, वास्तु पूजन, क्षेत्रपाल पूजन, नवग्रह पूजन, मंडप पूजन, कुंड पूजन, अग्नि पूजन, मोबण पूजन, तोरण पूजन, उत्तर पूजन सहित मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के कार्य मंत्रोच्चार से पूर्ण कराए गए। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष इंदू चौधरी, तहसीलदार वीरेंद्रसिंह, मोतीलाल राठौड़, मोतीलाल मूलेवा, पेमाराम आगलेचा, तीजोबाई गहलोत, सुनील कुमार सीरवी, पूर्व पालिका अध्यक्ष चुन्नीलाल चौधरी, पूर्व उपाध्यक्ष वक्ताराम चौधरी, रघुनंदन चौधरी, तेजाराम चौधरी आदि मौजूद थे।