पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मामले की जांच के लिए सोजत रोड पहुंचे बैंक अधिकारी, कहा मंथली ऑडिट के लिए आए हैं

मामले की जांच के लिए सोजत रोड पहुंचे बैंक अधिकारी, कहा - मंथली ऑडिट के लिए आए हैं

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सोजत रोड - आईसीआईसीआई बैंक की पाली एवं अन्य शाखाओं से नकली सोना थमाकर ऋण लेने के मामले में बैंक प्रबंधन हरकत में आ गया है, इसके चलते अपने ऋणदाताओं की गिरवी में रखे गए सोने की तस्दीक की जा रही है। सोजत रोड बैंक में ऐसी ही जांच के लिए उच्चाधिकारी पहुंचे है। पूरी तरह से गोपनीय स्तर पर हो रही जांच को लेकर स्थानीय बैंक प्रबंधन कोई बयान देने से कतरा रहा है। वे इसे सामान्य ऑडिट बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार गत दिनों पाली स्थित आईसीआईसीआई बैंक में दो युवकों ने नकली सोने के जेवरात थमाकर बैंक से ऋण लेने का प्रयास किया था। बैंक प्रबंधक को इसकी भनक मिलने पर उन्होंने कोतवाली से पुलिस को बुलाकर दोनों को पकड़वा लिया था। पुलिस की गिरफ्त में आए जालोर जिले के भैराराम ने पूछताछ के दौरान बताया था कि उन्होंने ऐसे ही जेवरात रखकर सोजत क्षेत्र की इसी बैंक से ऋण लिया था। इसके बाद बैंक प्रबंधन हरकत में आ गया है, जबकि दूसरा साथी भोलाराम भील वहां से फरार होने में कामयाब हो गया था। आरोपी से पूछताछ के दौरान दिए गए बयानों के आधार पर बैंक के उच्चाधिकारियों ने सोजत रोड की बैंक में पहुंचकर ऋणदाताओं तथा उनकी तरफ से बैंक में रखे गए जेवरातों का सत्यापन शुरू कर दिया है। बैंक के उच्चाधिकारियों द्वारा जांच कार्रवाई को पूर्ण गोपनीय रखा गया। जब उनसे इस संबंध में जानकारी चाही गई तो उनका कहना था कि मंथली ऑडिट चल रही है। नकली सोना गिरवी रखकर लोन लेने जैसी कोई बात नहीं है। यहां तक कि जांच के लिए पहुंचे अधिकारी भी अपना नाम बताने से भी गुरेज करते रहे। इस बारे में स्थानीय शाखा में कार्यरत बैंक के अधिकारी व कर्मचारियों ने भी बात करने पर अपना पल्ला झाड़ दिया।



सोना नकली था तो ज्वैलर ने कैसे असली माना

लूणी के भटिंडा क्षेत्र निवासी व्यवसायी पारसमल जैन ने आईसीआईसीआई बैंक की सोजत रोड शाखा से 6 से 19 दिसंबर 2013 के दौरान छह बार में कुल 12 लाख रुपए का गोल्ड लोन लिया। इसके लिए उन्होंने डेढ़ किलो वजन के सोने के आइटम गिरवी रखे। जैन का कहना है कि लोन देते समय बैंक ने सोने की जांच करवाई थी। संतुष्ट होने पर ही लोन की राशि दी गई। अब बैंक की जिम्मेदारी है कि सोना नकली कैसे हो गया? लूणी निवासी सायरी देवी ने भी इसी बैंक से दो किलो के गहने के बदले 14.17 लाख रुपए का लोन लिया था। व्यवसायी माणकराम ने 30 अगस्त से 16 सितंबर 2013 के दौरान पांच बार में 14.81 लाख रुपए का लोन लिया। इसके लिए 2.2 किलो सोने के गहने गिरवी रखे। बैंक की इसी शाखा से रमेश ने टुकड़ों-टुकड़ों में आठ मर्तबा लोन लिया। बैंक ने 12.83 लाख रुपए दिए तो उसने करीब ढाई किलो सोना गिरवी रखा। कैलाश माली ने भी करीब ढाई किलो सोना गिरवी रख 14 लाख का लोन लिया था। एक अन्य व्यक्ति धन्नाराम ने 300 ग्राम सोना गिरवी रखा तो बैंक ने उसे 39 हजार रुपए का लोन स्वीकृत किया। लोन धारकों का कहना है कि बैंक ने लोन देने के बाद इतने ग्राहकों का सोना नकली होना बताया है। अगर सोना नकली है तो उनके ज्वैलर ने जांच में सही क्यों बताया? बैंक ने नकली सोने पर लाखों रुपए के लोन कैसे दे दिए? पारसमल जैन ने कहा कि 18 जनवरी से बैंक लोन धारकों के सोने का नकली बता रही है। हम सभी लोन धारक ने जब न्यायालय और पुलिस में मामला दर्ज कराने की बात कही तो बैंक अधिकारी बैठकर मामला सुलझाने की बात कह रहे हैं।

बैंक के जिम्मेदार बोले-अभी कुछ नहीं बता सकते

भास्कर ने आईसीआईसीआई बैंक की सोजत रोड शाखा के मैनेजर जेपी वैष्णव से बात की तो उनका कहना था कि बैंक ने अपने स्तर पर सोने की जांच तो की थी, लेकिन बैंक की ऑडिट में सोने को नकली बताया गया है। यह कैसे हुआ, अभी कुछ नहीं कह सकते। लोन लेने वालों को जोधपुर में जलजोग सर्कल स्थित मुख्य शाखा में संपर्क करने को कहा गया है। डीबी स्टार ने जलजोग शाखा के जिम्मेदारों से बात की तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

ज्वैलर से करवाई जाती है सोने की जांच

सोना कितना खरा है ओर उसकी मार्केट वैल्यू क्या है लोन देने से पूर्व उसकी जांच बैंक द्वारा अधिकृत ज्वैलर से करवाई जाती है, कस्बे में आईसीआईसीआई बैंक के बाहर ही ज्वैलरी प्रकाश मेहता की शॉप चलाने वाले ज्वैलर से बैंक द्वारा सोने की जांच पड़ताल करवाई जाती है।

आईसीआईसीआई बैंक की सोजत शाखा में लोन के बदले गिरवी रखे सोने के नकली होने का पता चलने पर बैंक के अफसरों की नींद उड़ गई है। लोन लेने वाले अपने सोने को असली बता रहे हैं तो बैंक की ऑडिट टीम नकली। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बैंक के जिम्मेदारों, अधिकृत ज्वैलर व अन्य लोगों की मिलीभगत से बैंक को लाखों रुपए की चपत तो नहीं लगाई गई

भास्कर एक्सपोज

जोधपुर के छह लोगों ने लोन लेने के लिए आईसीआईसीआई बैंक की सोजत रोड शाखा में डेढ़ से दो किलो तक सोना गिरवी रखा था