पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश, एसीबी में की शिकायत

कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश, एसीबी में की शिकायत

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - सोजत रोड
समीप के ग्राम पंचायत सेहवाज अंतर्गत मेलावास व सेहवाज गांव में सरपंच व उसके पुत्र द्वारा वृद्ध जनों को पेंशन के पीपीओ देने के बदले पांच-पांच सौ रुपए वसूलने के मामले में प्रशासन द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री व कलेक्टर को ज्ञापन प्रेषित कर सेहवाज सरपंच को निलंबित करने व मामले में लिप्त सरपंच पुत्र के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर के 13 जनवरी के अंक में वृद्ध जनों की पेंशन में आड़े आ रहा पीपीओ सरपंच पुत्र वसूल रहा बदले में 500 रुपए शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर सेहवाज सरपंच द्वारा मेलावास व सेहवाज गांव में पेंशनधारकों से पीपीओ के बदले अवैध रूप से वसूली गई राशि का मामला उजागर किया था।
भास्कर में समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आया। एसडीएम मारवाड़ जंक्शन अनवर अली ने तहसीलदार मारवाड़ जंक्शन अजय चारण, बीडीओ सुरेश कविया व प्रसार अधिकारी वनाराम भादरु की तीन सदस्यों की टीम गठित कर मामले की जांच करने के निर्देश दिए। जांच दल ने मेलावास व सेहवाज गांव में पेंशनधारकों के बयान कलमबद्ध किए, जिसमें अधिकांश ग्रामीणों ने सरपंच व उसके पुत्र द्वारा पीपीओ देते समय पांच सौ रुपए लेने की पुष्टि की। जांच रिपोर्ट तैयार हुए काफी समय गुजर चूका है,बावजूद अभी तक दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच व उसके पुत्र द्वारा पीपीओ के बदले पांच-पांच सौ रुपए लेने की पुष्टि होने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से दोषियों के हौसले बुलंद है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ शीघ्र सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भ्रष्टाचार निरोधक विभाग में दर्ज करवाई शिकायत : सेहवाज सरपंच जमना गुर्जर व उसके पुत्र नारायणलाल गुर्जर द्वारा वृद्धावस्था पेंशन के पीपीओ देने के बदले पांच-पांच सौ रुपए वसूलने के मामले में प्रशासनिक अधिकारियों पर ढिलाई का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार निरोधक विभाग को ज्ञापन भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि सेहवाज सरपंच द्वारा अपने कार्यकाल में नियम विरुद्ध कार्य कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हुए घोर अनियमितता बरती गई है।

अभी तक नहीं भेजी जांच रिपोर्ट
सेहवाज ग्राम पंचायत में सरपंच व उसके पुत्र द्वारा पीपीओ के बदले पांच-पांच सौ रुपए लेने की जांच रिपोर्ट तैयार कर दी गई है। कार्य की व्यस्तता के कारण अभी तक जांच रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को नहीं भेजी गई है।
सुरेश कविया,बीडीओ पंचायत समिति,मारवाड़ जंक्शन।