सीएलजी ग्रुप की बैठक आयोजित
भास्कर न्यूज . शिवगंज
पुलिस थाना परिसर में शनिवार शाम 5 बजे तहसीलदार नंदकिशोर दाधीच की अध्यक्षता में सीएलजी ग्रुप की बैठक आयोजित हुई। इसमें राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे जन सुनवाई कार्यक्रमों की जानकारी दी गई एवं शहर के मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों की बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। बैठक में तहसीलदार दाधीच ने गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या पर सीएलजी ग्रुप के सभी सदस्यों को बधाई दी।
उन्होंने बताया है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार विभिन्न समस्याओं का समाधान करने के लिए पंचायत समिति के सभाभवन में 29 जनवरी को जन सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उपखंड अधिकारी महिपाल भारद्वाज की ओर से विभिन्न समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। तहसीलदार ने बताया कि जन सुनवाई कार्यक्रम के तहत पंचायत समिति भवन में वीडियो कांफ्रेंस की व्यवस्था भी शीघ्र ही की जाएगी। जन सुनवाई दौरान वीडियो कांफ्रेंस से भी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। सीएलजी ग्रुप के सदस्य माणक प्रजापत ने यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए व्यापारिक संगठनों की बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी सदस्यों ने सर्व सम्मति से पारित कर फरवरी माह के द्वितीय सप्ताह में बैठक बुलाने का निर्णय लिया। बैठक में पुलिस निरीक्षक अनिल मीणा ने बताया कि नगरपालिका एवं व्यापारियों के सहयोग से यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बैठक में पुलिस उप निरीक्षक तखतसिंह, सदस्य शंकरलाल परिहार, माणक प्रजापत, राज रावल, मिकु भाई, सुरेश कुमार अग्रवाल, रमेश कुमार रावल, कुंदनमल अग्रवाल
मौजूद थे।
आबूरोड . शहर पुलिस थाने में आज शाम शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें उप अधीक्षक आबूपर्वत नीरज पाठक व थानाधिकारी सीताराम खोजा ने शहर वासियों से शहर मे आने वाले दिनों में हो रहे कार्यक्रमो के बारे में चर्चा की। इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष विष्णु मारू, भान सिंह चौहान, दिलावर खान, गणेश आचार्य और मुकेश बारोट सहित अन्य लोग उपस्थित थे।