बाइक चोरी के मामले में एक गिरफ्तार
सोजत रोड - कस्बे के माताजी नगर में रविवार सायं घर के बाहर रखी बाइक चोरी कर ले जा रहे युवक को पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए नाकाबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। माताजी नगर में रहने वाले भूपेंद्र शर्मा पुत्र रमेश शर्मा ने अपनी बाइक खड़ी कर घर के अंदर गया। कुछ समय बाद वह वापस बाहर आया तो बाइक गायब थी। इस पर पुलिस को सूचित किया गया। थानाधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा ने त्वरित कार्यवाही करते हुए कस्बे के चारों तरफ नाकाबंदी करवाई। नेहरू पार्क के पास खड़े पुलिसकर्मी रतनलाल,पुखराज व मलाराम की टीम ने वहां से गुजर रहे वाहनों की तलाश की। तभी सामने से सतरंगिया गजनई निवासी श्रवणसिंह पुत्र दुर्गसिंह रावत राजपूत बाइक लेकर निकल रहा था। पुलिस ने उसे रोक कर पूछताछ की तो उसने बाइक माताजी नगर से चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक बरामद की। पुलिस आरोपी से ओर भी बाइक चोरी के मामले में पूछताछ कर रही है। सोमवार को न्यायालय में रिमांड पर लेने के लिए पेश किया गया।