- Hindi News
- मीठे पानी की मांग को लेकर कार्मिकों ने किया प्रदर्शन
मीठे पानी की मांग को लेकर कार्मिकों ने किया प्रदर्शन
भास्कर न्यूज$ - रायपुर मारवाड़/निंबोल
जैतारण के निकट स्थित निंबोल ग्राम में नवनिर्मित सिद्वी विनायक सीमेंट फैक्ट्री में मंगलवार को कार्मिकों ने कार्य का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। कार्मिकों ने पीने के लिए मीठा पानी उपलब्ध नहीं करवाए जाने तक कार्य पर लौटने से इंकार कर दिया। देर शाम तक फैक्ट्री प्रबंधन और कार्मिकों के बीच समझौता वार्ता चलती रही।
इधर, पुलिस ने एहतियातन मौके पर आरएसी जाब्ता तैनात कर दिया। जैतारण सीआई अमृत सोनी ने बताया कि फैक्ट्री के कार्मिकों को पिछले लंबे समय से टैंकरों के जरिए मीठा पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। टैंकर चालकों ने रेट बढ़ाने की मांग करते हुए पानी की सप्लाई बंद कर दी। इसके चलते फैक्ट्री के कार्मिकों को बोरिंग का लवणीय पानी पीना पड़ रहा है। काफी प्रयासों के बाद भी जब टैंकर चालक पानी सप्लाई करने के लिए राजी नहीं हुए तो कार्मिकों ने मीठा पानी उपलब्ध करवाने के लिए कार्य का बहिष्कार कर दिया व फैक्ट्री परिसर में ही नारेबाजी व प्रदर्शन कर रोष जताया।
नहीं निकल सका हल
सुबह फैक्ट्री प्रबंधन ने जल्द समस्या का हल निकालने का आश्वासन देते हुए कार्मिकों को काम पर लौट आने की अपील की। बाद में प्रबंधन ने स्वयं अपने स्तर पर एक बैठक आयोजित की और दोपहर में फिर एक बार समझाइश के प्रयास किए, लेकिन इस बार भी कोई नतीजा नहीं निकल पाया। देर शाम तक भी समझाइश के दौर चलते रहे।
लवणीय है पानी
गौरतलब है कि पूरे जैतारण क्षेत्र में भूजल फ्लोराइड युक्त व लवणीय पानी है। इसके चलते क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में मीठे पानी की उपलब्धता काफी समय से चुनौती भरा कार्य बना हुआ है। इस फैक्ट्री के निर्माण के बाद से ही कार्मिकों को बाहर से टैंकरों के जरिए मीठा पानी लाकर पिलाया जा रहा है। लेकिन अब पानी सप्लाई करने वाले टैंकर चालक रेट बढ़ाने की मांग पर अड़ गए हैं और पानी सप्लाई नहीं कर रहे हैं । वहीं फैक्ट्री प्रबंधन ने रेट बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया है। ऐसे में दोनों की हठ का खामियाजा कार्मिकों को भुगतना पड़ रहा है।
जाब्ता रहा तैनात
किसी भी अनहोनी का टालने के लिए पुलिस महकमे ने पहले ही आरएसी जाब्ता तैनात कर दिया। देर शाम तक समझाइश के दौर चलते रहे। इस दौरान जाब्ता मौजूद रहा। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भी समझाइश के प्रयास किए, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
देर शाम तक चलती रही फैक्ट्री प्रबंधन व कार्मिकों के बीच समझौता वार्ता
निंबोल स्थित सिद्धी विनायक सीमेंट फैक्ट्री के कर्मचारियों ने किया कार्य का बहिष्कार, नारेबाजी कर प्रदर्शन किया, आरएसी जाब्ता तैनात