पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • खाताधारक फालना में, मुंबई के एटीएम से किसी ने निकाले 40 हजार रुपए

खाताधारक फालना में, मुंबई के एटीएम से किसी ने निकाले 40 हजार रुपए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - फालना
स्थानीय भारतीय स्टेट बैंक के खाता धारक के एटीएम से किसी ने मुंबई में धोखाधड़ी कर अलग-अलग समय में 40 हजार से अधिक की राशि निकाल ली। अपने साथ हुई धोखाधड़ी को लेकर वह बैंक के अधिकारियों के पास पहुंचा तो उन्होंने भी उसे सही जवाब नहीं देकर चलता कर दिया। पुलिस भी इस मामले को मुंबई में होना बताकर मुकदमा दर्ज करने से इनकार कर रही है।
फालना निवासी प्रभुलाल बंजारा पुत्र मांगीलाल का एसबीआई में बैंक खाता है। उसका बैंक ने एटीएम भी इश्यू करवा रखा है। वह गत 22 जनवरी को किसी कार्य से मुंबई गया था। वहां बोरिवली रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक एटीएम से 5000 हजार रुपए निकाले थे। उसके बाद वह 23 जनवरी को वापस ट्रेन से फालना पहुंच गया था। पीडि़त का कहना है कि इसका रिजर्वेशन टिकट भी उसके पास है। इसके बाद भी उसके एटीएम से 23 जनवरी को लगातार चार बार मुंबई के चेंबूर इलाके के एटीएम से 40 हजार 68 रुपए की राशि निकालना बताया जा रहा है। उसका कहना है कि जब वह 23 जनवरी को फालना था तो एटीएम से 23 जनवरी को मुंबई के डीएलबी एटीएम से किसने रुपए निकाले। इस बारे में बैंक अधिकारियों को जानकारी देने के बाद भी कोई भी सही जवाब नहीं दे रहा है।