- Hindi News
- इधर, बर में गंदगी से परेशान छात्राओं ने स्कूल गेट पर जड़ा ताला
इधर, बर में गंदगी से परेशान छात्राओं ने स्कूल गेट पर जड़ा ताला
ठ्ठ विद्यालय के बाहर गंदा पानी जमा होने से परेशान थी छात्राएं
ठ्ठ एसडीएम व विकास अधिकारी की समझाइश के बाद मानीं छात्राएं
भास्कर न्यूज - रायपुर मारवाड़
बर बस स्टैंड के निकट स्थित एक मिष्ठान विक्रेता के गोदाम से निकल रहे दुर्गंधयुक्त प्रदूषित पानी तथा सार्वजनिक नालियों का गंदा पानी विद्यालयों के समीप भरा रहने से परेशान राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने मंगलवार को विद्यालय पर ताला जड़कर आक्रोश जताया। एसडीएम व विकास अधिकारी ने समझाइश कर ताला खुलवाया तथा मिष्ठान विक्रेता व ग्राम पंचायत बर को गंदे पानी की समुचित निकासी के लिए पाबंद किया।
बर बस स्टैंड पर स्थित एक मिष्ठान भंडार की मिठाइयां डाक बंगले के निकट स्थित गोदाम में बनाई जाती है। इस गोदाम का पानी बहकर राजकीय माध्यमिक विद्यालय के निकट के नाले में मिलता है। पानी के सड़ांध मारने के कारण दुर्गंध उत्पन्न होती है। जिससे यहां विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है। इस बारे में पूर्व में भी विद्यार्थियों के अभिभावकों ने प्रशासन को शिकायत की थी। इसी प्रकार विद्यालय के निकट ही सार्वजनिक नाली का पानी भी बहकर आता है और आगे पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से एकत्रित हो जाता है। गंदे पानी की दुर्गंध के साथ ही मच्छर भी पनप रहे हैं। आक्रोशित विद्यार्थियों व अभिभावकों ने मंगलवार को विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ प्रदर्शन व नारेबाजी करने लगे। सूचना पर रायपुर एसडीएम नरेंद्रकुमार जैन, विकास अधिकारी रणजीत चौधरी, भू अभिलेख निरीक्षक ओमप्रकाश सरगरा व पटवारी चंद्रशेखर मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने मिष्ठान विक्रेता को प्रदूषित पानी नाले में नहीं डालने के लिए आगाह किया। जिस पर मिष्ठान विक्रेता ने आश्वासन दिया कि वह अपने गोदाम का पानी मोटर से टैंकर में भरवाकर जंगल में ले जाकर खाली करवाएगा।
शेष - पेज १६
इस दौरान एसडीएम ने बर सरपंच दरियालाल को भी सार्वजनिक नालियों के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था करवाने व विद्यालय के पास पानी जमा नहीं होने देने के लिए पाबंद किया। बाद में एसडीएम नरेंद्र जैन व विकास अधिकारी रणजीत चौधरी की समझाइश के बाद विद्यार्थियों ने ताला खोल दिया।
॥गंदे पानी के कारण छात्राओं का स्कूल में बैठना तो दूर आना-जाना भी दूभर हो गया था।
-पुष्पा गहलोत, प्रधानाध्यापक, राबामावि, बर
॥मिष्ठान विक्रेता को प्रदूषित पानी के नाले में नहीं आने देने व सरपंच को सार्वजनिक नालियों के गंदे पानी की निकासी के लिए समुचित व्यवस्था करने के लिए पाबंद किया है।
-नरेंद्रकुमार जैन, एसडीएम, रायपुर